हिसार रेलवे स्टेशन पर एलपीजी से भरे टैंकर से गैस रिसाव, बड़ा हादसा टला
37 टन एलपीजी से भरे वैगन में लीकेज से मचा हड़कंप
रेलवे, दमकल और पुलिस की
संयुक्त कार्रवाई से टला बड़ा खतरा
हिसार, 29 जुलाई (हि.स.)। हिसार रेलवे स्टेशन के समीप बुधवार सुबह उस समय बड़ा
हादसा टल गया, जब पंजाब के बठिंडा से झज्जर जा रही एलपीजी से लदी मालगाड़ी के एक टैंकर
से अचानक गैस का रिसाव शुरू हो गया। घटना सूर्यनगर रेलवे फाटक के पास घनी आबादी वाले
क्षेत्र में हुई, जिससे रेलवे प्रशासन, पुलिस और दमकल विभाग में हड़कंप मच गया। हालांकि
अधिकारियों की त्वरित कार्रवाई और तकनीकी टीमों की सतर्कता से समय रहते गैस रिसाव पर
काबू पा लिया गया और संभावित बड़ा हादसा टल गया।
रेलवे सूत्रों के अनुसार एलपीजी से भरी मालगाड़ी बठिंडा से झज्जर जा रही थी।
सुबह करीब 8 बजे हिसार रेलवे स्टेशन पर गाड़ी की जांच के दौरान कर्मचारियों को एक टैंकर
से गैस रिसने की जानकारी मिली। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए संबंधित टैंकर को तुरंत
पूरी रैक से अलग कर सूर्यनगर फाटक के पास अपेक्षाकृत सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया,
ताकि किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को कम किया जा सके।
गैस रिसाव की सूचना मिलते ही रेलवे अधिकारियों ने तुरंत दमकल विभाग, रेलवे
सुरक्षा बल (आरपीएफ), जीआरपी, जिला प्रशासन और डीएफएससी को अलर्ट कर दिया।
कुछ ही देर
में फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं और पूरे क्षेत्र को सुरक्षा घेरे में
ले लिया गया। एहतियात के तौर पर आसपास के क्षेत्र पर लगातार नजर रखी गई।
जांच के दौरान पता चला कि गैस टैंकर के ऊपरी हिस्से पर बने ढक्कन (हैच) से
रिस रही थी। इसके बाद जींद और बठिंडा से रेलवे की विशेष तकनीकी टीमें मौके पर पहुंचीं
और करीब ढाई से तीन घंटे तक लगातार प्रयास कर रिसाव को पूरी तरह नियंत्रित किया।
बताया
गया कि संबंधित टैंकर में करीब 37 टन एलपीजी गैस भरी हुई थी, इसलिए जरा सी लापरवाही
भी गंभीर हादसे का कारण बन सकती थी।
घटना के बाद रेलवे ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच में यह पता लगाया
जाएगा कि गैस रिसाव किन कारणों से हुआ, इसमें तकनीकी खामी थी या मानवीय लापरवाही, तथा
भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए क्या कदम उठाए जाने चाहिए। फिलहाल
रेलवे अधिकारी जांच पूरी होने तक विस्तृत टिप्पणी करने से बच रहे हैं।
रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने बताया कि गैस रिसाव की सूचना
मिलते ही रेलवे ने तत्काल आपात कार्रवाई शुरू कर दी थी। तकनीकी टीमों की मदद से रिसाव
को पूरी तरह नियंत्रित कर लिया गया है और स्थिति पूरी तरह सुरक्षित है। उन्होंने कहा
कि यात्रियों और आसपास के लोगों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी आवश्यक
कदम उठाए गए।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

