home page

जींद : सफीदों गेट पर दुकानदारों ने लगाया जाम, प्रशासन के खिलाफ की नारेबाजी

 | 
जींद : सफीदों गेट पर दुकानदारों ने लगाया जाम, प्रशासन के खिलाफ की नारेबाजी


जींद, 02 अक्टूबर (हि.स.)। सफीदों गेट दुकानदारों ने शुक्रवार को सफीदों गेट से कुंदन सिनेमा तक सड़क निर्माण कार्य में हो रही देरी को लेकर जाम लगा दिया। जाम लगाए दुकानदारों ने प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। दुकानदारों का कहना था कि सफीदों गेट से कुंदन सिनेमा तक सीसी की बन रही है। इस सड़क को 20 दिन में बनना था, लेकिन 52 दिन बीत जाने के बाद भी सड़क पूरी नही हो सकी है। जाम लगने की सूचना मिलने पर पुलिस ने पीडब्ल्यूडबी विभाग के एक्सईएन राजकुमार नैन मौके पर पहुंचे और समस्या के निदान का आश्वासन देकर जाम खुलवाया। लगभग दो घंटे तक लगे जाम जाम के कारण यात्रियों तथा वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

सफीदों रोड सड़क के निर्माण में हो रही देरी को लेकर शुक्रवार को दुकानदारों का गुस्सा फूट गया। दुकानदारों ने सफीदों गेट पर माता मंदिर के सामने जाम लगा दिया। दुकानदारों ने बताया कि विभाग के अधिकारियों व ठेकेदार ने उनहें 20 दिन में काम पूरा होने की बात कही थी। अब 52 दिन से रास्ता बंद होने के कारण उनकी दुकानदारी चौपट हो चुकी है। दुकानदारों ने लगभग एक महीना इंतजार किया। इसके बाद वह परेशान होने लगे। उन्होंने डीसी डा. वैशाली शर्मा से समाधान शिविर में बात की। डीसी ने लोक निर्माण विभाग और जन स्वास्थ्य विभाग से तुरंत रिपोर्ट मांगी लेकिन इसके बाद भी मौके पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद दुकानदारों ने अपना दुखड़ा डिप्टी स्पीकर डा. कृष्ण मिड्ढा के समक्ष भी रोया लेकिन उसके बावजूद भी काम में तेजी नहीं आई। लोक निर्माण विभाग के तो इन दुकानदारों ने कई बार चक्कर भी काटे, हर बार केवल आश्वासन ही मिला। शुक्रवार को दुकानदारों ने बताया कि लोक निर्माण विभाग ने सड़क की पुरानी परत उखाड़ते समय 20 दिन में नई सड़क बना कर रास्ता खोलने का भरोसा दिया थाए लेकिन 52 दिन बाद भी सड़क का निर्माण पूरा नहीं हुआ है। हालत यह है कि निर्माण कार्य कई दिनों से बंद पड़ा है। अब जब अधिकारियों से समाधान नहीं मिला तो मजबूर होकर उन्हें सड़क पर उतरकर जाम लगाना पड़ा।

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा