home page

हाइड्रोजन ट्रेन से विश्व के नक्शे पर चमकेगा जींद : सुभाष बराला

 | 
हाइड्रोजन ट्रेन से विश्व के नक्शे पर चमकेगा जींद : सुभाष बराला


जींद, 10 जुलाई (हि.स.)। राज्यसभा सांसद एवं भाजपा पूर्व प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला ने कहा कि राजनीतिक दृष्टि से हरियाणा का दिल माने जाने वाले जींद को वर्षों तक विपक्षी दलों ने केवल अपनी राजनीतिक लॉचिंग का मंच बनाया लेकिन भाजपा ने जींद को नई दिशा और नई दशा देने का कार्य किया है। भाजपा की डबल इंजन सरकार ने जींद के विकास को प्राथमिकता देते हुए इसे आधुनिक तकनीक, रेलवे विकास और निवेश का नया केंद्र बनाने की ठोस योजना तैयार की है। देश की पहली हाइड्रोजन संचालित ट्रेन की शुरुआत जींद से होना केवल हरियाणा ही नहींए बल्कि पूरे देश के लिए गौरव का विषय है।

राज्यसभा सांसद एवं भाजपा पूर्व प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला शुक्रवार को पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि 17 जुलाई का दिन हरियाणा के इतिहास में विकास, आधुनिक तकनीक और भविष्य की नई संभावनाओं का प्रतीक बनने जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जींद दौरा केवल उद्घाटन कार्यक्रम नही बल्कि विकसित हरियाणा के नए युग का शुभारंभ है। इससे जींद की पहचान विश्व स्तर पर स्थापित होगी और यह शहर भविष्य की तकनीक के मानचित्र पर अपनी अलग पहचान बनाएगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ग्रीन एनर्जी और क्लीन मोबिलिटी की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। हाइड्रोजन ट्रेन का शुभारंभ इस बात का प्रमाण है कि भारत अब केवल नई तकनीकों का उपभोक्ता नही बल्कि उनका नेतृत्व करने वाला देश बन रहा है। हरियाणा इस परिवर्तन का सबसे बड़ा सहभागी बनेगा।

राज्य सभा सांसद बराला ने कहा कि प्रधानमंत्री का यह दौरा हरियाणा में अगले चरण के बड़े इंफ्रास्ट्रक्चर निवेश का संकेत भी है। राष्ट्रीय राजमार्गों, एक्सप्रेसवे, रेलवे नेटवर्क और आधुनिक लॉजिस्टिक कॉरिडोर का एकीकृत विकास प्रदेश की अर्थव्यवस्था को नई गति देगा। दिल्ली-कटरा एक्सप्रेसवे, एनएच 352 ए, अंबाला-काले अम्ब कॉरिडोर तथा बीकानेर-सिवानी-सोनीपत कॉरिडोर जैसी परियोजनाएं कृषि, उद्योग और व्यापार को नई ऊर्जा प्रदान करेंगी तथा परिवहन लागत कम होने से निवेश और रोजगार दोनों बढ़ेंगे।

उन्होंने कहा कि हरियाणा को उत्तर भारत का सबसे मजबूत लॉजिस्टिक हब बनाने की दिशा में केंद्र और राज्य सरकार मिल कर कार्य कर रही हैं। आधुनिक औद्योगिक क्लस्टर, वेयर हाउसिंग, मल्टी मॉडल लॉजिस्टिक और बेहतर डिजिटल कनेक्टिविटी के माध्यम से प्रदेश में निवेश का नया वातावरण तैयार किया जा रहा है। इससे युवाओं को रोजगार और उद्यमिता के व्यापक अवसर मिलेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा