home page

हाइड्रोजन ट्रेन के संचालन से स्वर्ण अक्षरों में दर्ज होगा जींद का नाम: डिप्टी स्पीकर

 | 
हाइड्रोजन ट्रेन के संचालन से स्वर्ण अक्षरों में दर्ज होगा जींद का नाम: डिप्टी स्पीकर


जींद, 10 जुलाई (हि.स.)। हरियाणा विधानसभा के डिप्टी स्पीकर डा. कृष्ण मिड्ढा ने कहा कि 17 जुलाई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कर कमलों से देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन का संचालन शुरू होना केवल हरियाणा ही नहीं बल्कि पूरे देश के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि होगी। इस परियोजना से जींद का नाम देश के विकास के इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में दर्ज होगा। यह ट्रेन बिना बिजली बिना तेल चलेगी। जो कि आधुनिक, पर्यावरण अनुकूल और आत्मनिर्भर भारत की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम रहेगा।

डा. मिड्ढा शुक्रवार को विधानसभा के खेड़ी, तलौडा, लोहचब, मनोहरपुर समेत लगभग एक दर्जन गांवों में आयोजित कार्यक्रमों को संबांधित कर रहे थे। इस अवसर पर उनके साथ टेकराम कंडेला, पार्षद राममेहर, बलवंत सिंह व भाजपा के अनेकों कार्यकर्ता के अलावा जिला प्रशासन के विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन के चलने से जींद का नाम इतिहास के पन्नों पर दर्ज हो जाएगा। जींद विधानसभा क्षेत्र के लोग प्रधानमंत्री के स्वागत के लिए पूरी गर्मजोशी के साथ तैयार हैं। बड़ी संख्या में बुजुर्ग पारंपरिक सफेद पगड़ी पहन कर उनका स्वागत करेंगे। जबकि विभिन्न गांवों और शहरों से लोग डीजे, ढोल, नगाड़ों और उत्साह के साथ कार्यक्रम स्थल पर पहुंचेंगे।

उन्होंने विश्वास जताया कि जींद विधानसभा क्षेत्र से अभूतपूर्व जनसमर्थन देखने को मिलेगा और भीड़ के मामले में यह रैली नया रिकार्ड स्थापित करेगी। जिस प्रकार यह ट्रेन इको फ्रेंडली है, उसी प्रकार प्रधानमंत्री कार्यक्रम में पंहुचेने वाले लोग भी इलैक्ट्रीक व्हीकलों में पहुंच कर इसको पर्यावरण संरक्षण का संदेश देंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार भी मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में विकास कार्यों को गति दे रही है।

जींद जिले में भी सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, सिंचाई और अन्य जनकल्याणकारी परियोजनाओं पर निरंतर कार्य किया जा रहा है। जल्द ही जींद को भाखड़ा नहर का पर्याप्त पानी उपलब्ध कराने, मेडिकल कॉलेज के बनने जैसे विकास कार्यो से जींद की दशा में भी सकारात्मक प्रगति हुई है। उन्होंने कहा कि प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार 17 जुलाई को सुबह नौ बजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हाइड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी दिखा कर रवाना करेंगे तथा प्रदेशवासियों को हजारों करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं की सौगात भी देंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा