जींद : पूर्व सैनिक के बेटे की गोली मारकर हत्या
जींद, 17 अक्टूबर (हि.स.)। जुलाना में शुक्रवार रात अज्ञात बदमाशों ने एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपित मौके से फरार हो गए। गोली लगने से गंभीर रूप से घायल युवक को उपचार के लिए पीजीआई ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की पूरी वारदात सीसी टीवी कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस ने शनिवार काे मृतक के पिता की शिकायत पर तीन को नामजद कर तीन अन्य के खिलाफ हत्या सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
गांव करेला निवासी पूर्व सैनिक जगदीश अपने परिवार के साथ जुलाना में रहता है। उसका 22 वर्षीय बेटा कृष्ण उर्फ डैनी शुक्रवार रात जुलाना के पुराने बस स्टैंड पर अपने छह दोस्तों के साथ पार्टी से लौट रहा था। इसी दौरान अज्ञात बदमाश कार में सवार होकर आए और कृष्ण को अपनी गाड़ी के पास बुला लेते हैं। कार में बैठे एक बदमाश ने उसे गोली मार दी। गोली लगने से कृष्ण गंभीर रूप से घायल होकर दूर भागता हुआ दिखाई दे रहा है। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपित वहां से फरार हो गया। घटना की पूरी वारदात सीसी टीवी कैमरे में कैद हो गई। घायल कृष्ण को उपचार के लिए पीजीआईएमएस रोहतक ले जाया गया। उसकी हालत गंभीर होने के कारण चिकित्सकों ने उसे बचाने का प्रयास किया लेकिन उसे मृत घोषित कर दिया गया। युवक की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में मातम छा गया। घटना पास लगे सीसीटीवी में पूरी वारदात कैद हो गई है। शनिवार को जानकारी देते हुए जुलाना थाना प्रभारी कमल ने बताया कि मृतक के पिता जगदीश की शिकायत के आधार पर गांव ब्राह्मणवास निवासी अंगद व जुलाना निवासी घोलू, लजवानां खुर्द निवासी पिन्नी व तीन अन्य के खिलाफ पुलिस ने हत्या सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

