home page

जींद : फीड कारोबारी को धमकी देकर मांगी पांच करोड़ की फिरौती

 | 
जींद : फीड कारोबारी को धमकी देकर मांगी पांच करोड़ की फिरौती


जींद, 25 जुलाई (हि.स.)। शहर थाना सफीदों पुलिस ने फीड कारोबारी को धमकी देकर पांच करोड़ रुपये की चौथ मांगने पर दो गैंगस्टरों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। एक माह पहले भी कारोबारी से चौथ मांगी गई थी लेकिन उसने इसे गंभीरता से नही लिया। अब फिर से व्हाट्सअप कॉल कर चौथ राशि मांगे जाने पर कारोबारी ने मामले की शिकायत पुलिस से की है।

पूर्व में शराब कारोबारी रहे संजय शर्मा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका हैचरियों को फीड की स्पलाई का कारोबार है। गत 27 जून को उसके पास अनजान विदेशी नंबर से कॉल आई। कॉल करने वालों ने उस से पांच करोड़ की चौथ मांगी। चौथ राशि न देने पर उसे बुरा अंजाम भुगतने की धमकी दी। जिसके बारे में उसने पुलिस को अवगत करा दिया। हालांकि पुलिस ने उसे सुरक्षा आफर की थी लेकिन उसने गंभीरता से नही लिया। गत 17 जुलाई को उसके पास फिर से विदेशी नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को गिल्ली राणा बताया तथा उसी नंबर पर बातचीत करने वाले दूसरे व्यक्ति ने खुद को रोहित गोदारा बताया। दोनों आरोपितों ने पांच करोड़ रुपये चौथ की फिर से डिमांड की और चौथ राशि न देने पर उसे बुरा अंजाम भुगतने की धमकी दी गई। इसी प्रकार उसके पुराने साथी को भी धमकी देकर एक करोड़ रुपये की चौथ मांगी गई है।

पुलिस अधीक्षक कुलदीप सिंह ने शनिवार को जानकारी देते हुए बताया कि कारोबारी ने चौथ मांगे जाने की शिकायत दी है। जिस पर शहर थाना सफीदों पुलिस ने कारोबारी संजय की शिकायत पर दो गैंगस्टरों के खिलाफ चौथ मांगने, धमकी देने समेत विभिन्न भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा