जींद : अफीम के साथ एक नशा तस्कर चढ़ा पुलिस हत्थे, पूछताछ जारी
जींद, 29 जून (हि.स.)। अनाज मंडी टी प्वायंट के निकट सीआईए स्टाफ सफीदों ने से एक व्यक्ति को काबू कर उसके कब्जे से 280 ग्राम अफीम बरामद की है। शहर थाना सफीदों पुलिस आरोपित से पूछताछ कर रही है। सीआईए स्टाफ को सूचना मिली थी कि सफीदों अनाज मंडी असंध-सफीदों टी प्वायंट के निकट एक युवक नशीले पदार्थ के साथ खड़ा हुआ है। जो नशा बेचने के लिए ग्राहकों का इंतजार कर रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपित को काबू कर लिया। पुलिस कर्मियों ने जब आरोपित की तलाशी ली तो उसके कब्जे से 280 ग्राम अफीम बरामद हुई। पुलिस पूछताछ में आरोपित की पहचान गांव अजनी (यूपी) निवासी सतेंद्र के रूप में हुई।
शहर थाना सफीदों पुलिस ने आरोपित के खिलाफ नशीले पदार्थ निरोधक अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर पूछताछ शुरू कर दी है। सोमवार को जानकारी देते हुए सफीदों सीआईए प्रभारी राधेश्याम ने बताया कि सूचना के आधार पर आरोपित को काबू किया है। आरोपित से नशे के नेटवर्क के बारे मे पूछताछ की जा रही है।
एसपी कुलदीप सिंह ने कहा कि जिले में नशा तस्करों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। समाज में नशे के कारोबार को किसी भी कीमत पर पनपने नहीं दिया जाएगा तथा ऐसे अपराधियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

