जींद : साइबर ठगों ने तीन को निशाना बनाकर पौने नौ लाख का चूना लगाया
जींद, 27 जून (हि.स.)। साइबर ठगों ने तीन लोगों को पौने नौ लाख रुपये का चुना लगा दिया। पीडि़त लोगों द्वारा मामले की शिकायत साइबर थाना पुलिस को दी है। पुलिस ने पीडि़तों की शिकायत पर अज्ञात लोगों के खिलाफ धोखधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सफीदों निवासी रविंद्र ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसके पीएनबी तथा एचडीएफसी बैंक में खाते हैं। दोनों बैंक खातों से उसका मोबाइल फोन नंबर लिंक है। गत चार जून को उसका फोन अचानक हैंग हो गया। जिस पर उसने मोबाइल फोन को बंद कर दोबारा चालू कर लिया। जिसके बाद उसका फोन ठीक चलने लगा। उसने पीएनबी बैंक पहुंच कर अपने खाते का जांचा तो उसके खाते से लगभग साढ़े 97 हजार रुपये कम मिले। जब उसके पास न तो काई ओटीपी आया और न ही राशि ट्रांसफर का कोई संदेश आया।
गांव हमीरगढ़ निवासी दलबीर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि गत 24 जून को उसके मोबाइल फोन पर व्हाट्सअप कॉल आई। कॉल करने वाले ने बताया कि अमेरिका से आपका भांजा बिंटू बोल रहा हूं। जब उसने कहा कि बिंटू आवाज कुछ भारी लग रही है, तो उसने कहा कि गले में दिक्कत के कारण आवाज भारी लग रही है। फिर उसने कहा कि मामा अपना बैंक का खाता नंबर दे दो। जिसमे वह नौ लाख 75 हजार रुपये भेज रहा है। जिसके बाद उसने बैंक रसीद भी भेज दी। जब उसने बिंटू के परिजनों से संपर्क साध कर पूछताछ की तो उसे धोखाधड़ी का पता चला।
गांव खरकबूरा निवासी धर्मपाल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह यूनियन बैंक उचाना का उपभोक्ता है। उसका मोबाइल फोन खाते से लिंक है। गत चार जून को वह बैंक से रुपये निकलवाने गया था। उसे पता चला कि उसके खाते से एक लाख 64 हजार रुपये कम है। जब उसने अपने खाते की डिटेल देखी तो गत 22 मई को 89 हजार रुपये तथा 23 मई को 75 हजार रुपये को दूसरे खातों में ट्रांसफर किया गया था। दो दिनों में उसके खाते से एक लाख 64 हजार रुपये ट्रांसफर किए गए थे। जबकि न तो उससे कोई ओटीपी पूछा गया और न ही राशि ट्रांसफर होने का संदेश आया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

