home page

जींद: अनूपगढ़ में जानलेवा हमले के मामले में दो और आरोपी गिरफ्तार

 | 
जींद: अनूपगढ़ में जानलेवा हमले के मामले में दो और आरोपी गिरफ्तार


जींद, 24 नवंबर (हि.स.)। गांव अनूपगढ़ में जानलेवा हमला करने के मामले में थाना सदर जींद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान गांव अनूपगढ़ निवासी मनोज और विक्की के रूप में हुई है। इस मामले में पुलिस पहले ही चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।

थाना सदर जींद प्रभारी उपनिरीक्षक मनीष कुमार ने बताया कि दो सितंबर 2026 को गांव अनूपगढ़ निवासी रामराजी ने पुलिस चौकी सीआरएसयू में शिकायत दी थी। शिकायत के अनुसार वह गांव जामनी निवासी कृष्ण के साथ खेत में गया हुआ था। इसी दौरान क्रेटा गाड़ी में सवार होकर अमन, बिट्टू उर्फ नन्हा, अंकित और जसबीर उर्फ शूटर वहां पहुंचे। आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए उनके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद पीछा कर फायरिंग की गई, जिसमें जयदीप और रोहित गंभीर रूप से घायल हो गए थे।

शिकायत के आधार पर थाना सदर जींद में बीएनएस की विभिन्न धाराओं और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बिट्टू उर्फ नन्हा निवासी अनूपगढ़, अमन निवासी धनखड़ी, अंकित निवासी शामलो कलां और जसबीर उर्फ शूटर निवासी कालवा को गिरफ्तार किया था। आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल लाठी-डंडे बरामद किए गए थे। वहीं अमन से .32 बोर का देसी पिस्तौल और दो जिंदा कारतूस तथा बिट्टू से .30 बोर का देसी पिस्तौल बरामद किया गया था।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के दौरान मनोज और विक्की के नाम सामने आए थे। इसके बाद सीआरएसयू चौकी की टीम ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया। उन्हें अदालत में पेश कर आगामी कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा