home page

जींद : हादसों में एक किसान सहित दो लोगों की मौत

 | 
जींद : हादसों में एक किसान सहित दो लोगों की मौत


जींद, 23 जून (हि.स.)। जिला में अलग-अलग स्थानों पर हुए हादसों में एक किसान सहित दो लोगों की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने मृतकों के शवों का पोसटमार्टम करवा शव परिजनों को सौंप दिया है।

गांव मेहरी जिला हरदोई (यूपी) निवासी मोनू नरवाना से स्कूटी पर सवार होकर जींद की तरफ आ रहा था। जब वह गांव अहिरका के निकट पहुंचा तो शहर की तरफ से जा रहे बाइक से भिड़ंत हो गई। जिसमें मोनू सड़क पर गिर गया। उसी दौरान पीछे से आ रहा तेज रफ्तार ट्रैक्टर ट्राली भी मोनू को रौंदती हुई निकल गई।

घटना को अंजाम देकर बाइक चालक फरार हो गया। राहगीरों ने मोनू को नागरिक अस्पताल पहुंचाया। जहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मंगलवार को जानकारी देते हुए सदर थाना की जांच अधिकारी नीलम ने बताया कि घटना की सूचना पाकर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई थी और हालातों का जायजा लिया। पुलिस ने मृतक के भाई सोनू की शिकायत पर फरार बाइक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

कीटनाशक के प्रभाव में आने से किसान की मौत

गांव बराह खुर्द निवासी बिजेंद्र (45) गत दिवस शाम को अपने खेत में पनीरी में कीटनाशक का स्प्रे कर रहा था। जिसके चलते वह उसके प्रभाव में आ गया और तबीयत बिगड़ गई। मौके पर मौजूद परिजनों ने हालात बिगड़ते देख बिजेंद्र को नागरिक अस्पताल पहुंचाया। जहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना पाकर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और हालातों का जायजा लिया। पुलिस ने इत्तफाकिया कार्रवाई कर शव का पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा