हिसार : ऑपरेशन मुस्कान: 10 किमी दूर से एक घंटे में सात साल के मासूम को खोज निकाला पुलिस ने
हिसार, 26 अगस्त (हि.स.)। महावीर कॉलोनी से संदिग्ध
परिस्थितियों में गायब हुए सात वर्षीय बच्चे यशु राज को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते
हुए महज एक घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर लिया। अपहरण की आशंका के चलते परिजनों के हाथ-पांव
फूल गए थे, लेकिन पुलिस की सतर्कता और टेक्निकल रिसोर्सेज की सूझबूझ ने मासूम को सही-सलामत
परिजनों तक पहुंचा दिया।
मिली जानकारी के अनुसार बुधवार दोपहर जब परिजनों
ने बच्चे के लापता होने की सूचना दी, तो 'ऑपरेशन मुस्कान' टीम को एक्टिव किया गया।
12 क्वार्टर पुलिस चौकी इंचार्ज एएसआई राकेश कुमार के नेतृत्व में गठित टीम ने बिना
समय गंवाए इलाके के दर्जनों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी। सीसीटीवी
फुटेज की कड़ियों को जोड़ते हुए पुलिस टीम ने महज 60 मिनट्स में घटनास्थल से करीब
10 किलोमीटर दूर बच्चे की लोकेशन ट्रेस कर ली और उसे अपनी कस्टडी में ले लिया। कानूनी
औपचारिकताओं के बाद मासूम यशु को उसकी रोती-बिलखती मां और परिजनों के सुपुर्द कर दिया
गया। मासूम को सुरक्षित देख परिजनों की आंखों में खुशी के आंसू छलक आए। परिजनों ने
पुलिस की तत्परता और सराहनीय वर्क स्टाइल का आभार जताया।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

