जींद : ट्रैक्टर से गिर कर मजदूर की मौत, चालक पर मामला दर्ज
जींद, 01 अप्रैल (हि.स.)। नरवाना स्थित कैची मोड़ पर ट्रैक्टर से गिर कर नीचे आने से एक मजदूर की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर सदर थाना नरवाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने मृतक के शव का नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम करवा शव परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस ने मृतक के पिता की शिकायत पर ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
गांव गुलजारपुर ठरवा पातड़ा (पंजाब) निवासी रोहताश का बेटा राहुल (21) मजदूरी का कार्य करता था। मंगलवार देर शाम को गांव का ही सोनू उसे ट्रैक्टर ट्राली में पराली लोड करने के लिए लेकर गया था। शाम को गांव कुरड़ से पराली लोड की चुरू राजस्थान जा रहा था। नरवाना के कंैची मोड पर पहुंचते ही चालक सोनू ने अचानक कट मारा। जिसके चलते बगल में बैठा राहुल नीचे गिर गया और ट्रैक्टर का टायर उसके ऊपर से निकल गया। जिसमें राहुल गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद सोनू ट्रैक्टर ट्राली मौके पर छोड़ कर फरार हो गया। राहगीरों ने राहुल को नागरिक अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना पाकर सदर थाना नरवाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने मृतक के पिता रोहताश की शिकायत पर चालक सोनू के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

