home page

जींद : नहर में डूबे दोनों भाइयों के शव बरामद

 | 
जींद : नहर में डूबे दोनों भाइयों के शव बरामद


जींद, 27 मार्च (हि.स.)। नरवाना में गुरूवार शाम को नवरात्र की पूजा संपन्न होने पर अपने पिता के साथ गुरथली रोड पर स्थित नहर में पूजा की सामग्री पानी में विसर्जित करने के दौरान दो भाई डूब गए थे। शुक्रवार को पुलिस ने दोनों भाइयों के शव को नहर से बरामद कर लिया। पुलिस ने उनका पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिया है।

सदर थाना प्रभारी कमल सिंह ने बताया कि कि राजस्थान के रहने वाले राजेश प्रेम नगर कॉलोनी नरवाना में अपने परिवार के साथ रह रहा है। गुरूवार शाम को दुर्गा अष्टमी की पूजा संपन्न होने के बाद अपने दो पुत्रों 14 वर्षीय लक्की और 16 वर्षीय महेंद्र के साथ सिरसा ब्रांच नहर में पूजा सामग्री विसर्जित करने के लिए गया था। पूजा सामग्री विसर्जित करने के दौरान 14 वर्षीय लक्की का अचानक पैर फिसल गया और वह नहर में गिर कर डूबने लगा। अपने भाई को डूबता देख उसे बचाने के लिए महेंद्र ने भी नहर में छलांग लगा दी। पानी के तेज बहाव में महेंद्र भी नहर में डूब गया। दोनों बच्चों की बरामदगी को लेकर रोहतक सुनारिया से एनडीआरएफ की टीम व गोताखोरों को भी बुलाया गया और बच्चों को ढूंढने का सर्च अभियान पूरी रात जारी रहा। शुक्रवार को दोनों भाइयों के शव नहर से बाहर निकाल कर शवों को नरवाना के सरकारी अस्पताल में पोस्टमार्टम करा कर परिजनों को सौंप दिए गए। दोनों शवों को परिजन अपने पैतृक गांव राजस्थान ले गए हैं। घटना के बाद पूरी कॉलोनी में शोक की लहर डूबे गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा