जींद : केलों से लोड ट्रक से 23 किलो 408 ग्राम चूरा पोस्त बरामद
जींद, 24 अक्टूबर (हि.स.)। गांव बीबीपुर के निकट डिटेक्टिव स्टाफ ने ट्रक से 23 किलो 408 ग्राम चूरा पोस्त बरामद कर दो तस्करों को काबू किया है। चूरा पोस्त को केलों की आड़ में तस्करी कर लाया जा रहा था। सदर थाना पुलिस ने पकड़े गए दोनों आरोपितों के खिलाफ नशीले पदार्थ निरोधक अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर पूछताछ शुरू कर दी है।
डिटेक्टिव स्टाफ प्रभारी संदीप ने शनिवार को जानकारी देते हुए बताया कि डिटेक्टिव स्टाफ को सूचना मिली थी कि भिवानी रोड पर मुंढाल की तरफ से केलों से लोड ट्रक में नशीले पदार्थों को तस्करी कर जींद की तरफ लाया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने गांव बीबीपुर के निकट नाकेबंदी कर वाहनों पर नजर रखनी शुरू कर दी। कुछ समय के बाद पुलिस ने मुंढाल की तरफ से आ रहे ट्रक को रूकवा लिया। जिसमें केला लोड किया गया था। जब ट्रक की तलाशी ली गई तो उसके कैबिन में दो कट्टे रखे दिखाई दिए।
जांचने पर उनमें चूरा पोस्त पाया गया। जिसका वजन 23 किलो 408 ग्राम पाया गया। पुलिस पूछताछ में ट्रक चालक की पहचान आश्रम बस्ती निवासी प्रगट उर्फ गौरव तथा उसके बगल में बैठे युवक की पहचान हनुमान नगर निवासी नरविंद्र के रूप में हुई। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि केले को अंबाला के लिए लोड किया गया था। सदर थाना पुलिस ने चालक प्रगट सिंह तथा उसके सहायक नरविंद्र के खिलाफ नशीले पदार्थ निरोधक अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर पूछताछ शुरू कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

