हांसी : सरकार की नीतियों का विरोध कर रहे हड़ताली कर्मचारियों को पुलिस ने किया गिरफ्तार
हांसी, 13 अगस्त (हि.स.)। हरियाणा सरकार की कर्मचारी
विरोधी नीतियों के विरोध में 6 अगस्त से हड़ताल पर चल रहे नगर पालिका कर्मचारी संघ
और अग्निशमन विभाग के कर्मचारियों ने जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान पुलिस
ने बड़ी संख्या में हड़ताली कर्मचारियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस कर्मचारी उन्हें
थाना शहर हांसी लेकर पहुंची, जहां कर्मचारियों ने सरकार और पुलिस प्रशासन के खिलाफ
जमकर नारेबाजी की।
प्रदर्शन के दौरान सर्व कर्मचारी संघ के राज्य
कोषाध्यक्ष सुरेंद्र यादव और नगर पालिका कर्मचारी संघ के राज्य कोषाध्यक्ष राजेश बागड़ी
ने गुरुवार को कहा कि नगर पालिका और फायर कर्मचारियों की 13 मांगों को लेकर मुख्यमंत्री
और हरियाणा के मुख्य सचिव के साथ समझौता हुआ था। समझौते को लागू करने के लिए पर्याप्त
समय दिए जाने के बावजूद करीब तीन माह बीत चुके हैं, लेकिन सरकार ने अभी तक मांगों को
लागू नहीं किया है। इससे कर्मचारियों में लगातार रोष बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार
कर्मचारियों की मांगों को तुरंत लागू करे, अन्यथा कर्मचारी संगठन आंदोलन को और तेज
करने के लिए मजबूर होंगे। नेताओं ने आरोप लगाया कि हड़ताल के दौरान कर्मचारियों को
थाने में बैठाकर रखा गया, जबकि शहर में सफाई व्यवस्था बनाए रखने के लिए बाहर से निजी
लोगों से सफाई करवाई गई।
कर्मचारी नेताओं ने कहा कि सरकार विभिन्न योजनाओं
पर लगातार पैसा खर्च कर रही है, लेकिन शहरों को साफ-सुथरा रखने और आपात स्थिति में
सेवाएं देने वाले कर्मचारियों की मांगों को पूरा करने में सरकार गंभीरता नहीं दिखा
रही। उन्होंने कर्मचारियों के लिए चिकित्सा सुविधाएं लागू नहीं किए जाने का भी आरोप
लगाया। संघ नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द
समझौते को लागू कर कर्मचारियों की मांगों का समाधान नहीं किया तो प्रदेशभर के कर्मचारी
आंदोलन में शामिल होकर सरकार के खिलाफ बड़ा संघर्ष करेंगे। कर्मचारियों ने कहा कि स्वतंत्रता
दिवस के दिन भी नगर पालिका और फायर कर्मचारी धरना स्थल पर राष्ट्रीय ध्वज फहराकर स्वतंत्रता
सेनानियों को याद करेंगे और अपना विरोध प्रदर्शन जारी रखेंगे। इस दौरान बिशन सिंह, सुरेंद्र हुड्डा, रविंद्र
शर्मा, अशोक यादव, श्यामपाल यादव, जॉनी कुमार, राजेंद्र कुलाना, सुमित मित्तल, पवन
कुमार, विनोद जांगड़ा, विनोद दुहन, बलजीत सारसर, सतीश कुमार, अरुण कुमार, अवनीश कुमार
और सुनील यादव सहित अनेक कर्मचारी मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

