home page

जींद : हेरोइन सहित नशा सप्लायर गिरफ्तार

 | 
जींद : हेरोइन सहित नशा सप्लायर गिरफ्तार


जींद, 23 जून (हि.स.)। पुलिस द्वारा नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक नशा सप्लायर को काबू कर उसके कब्जे से 5.70 ग्राम हेरोइन बरामद की है। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ नशीले पदार्थ निरोधक अधिनियक के तहत मामला दर्ज कर नशा नेटवर्क के बारे में पूछताछ शुरू कर दी है।

उचाना थाना प्रभारी निरीक्षक चंद्रपाल ने मंगलवार को जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस टीम गांव खटकड़ में गश्त कर रही थी। तभी सूचना मिली कि गांव का ही जितेंद्र नशीले पदार्थों की बिक्री का कार्य करता है तथा इस समय गांव खटकड़ से कहसून मार्ग स्थित रजवाहा पुल के पास नशीला पदार्थ बेचने की फिराक में खड़ा है। सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मौके पर पहुंच युवक को काबू किया।

नियमानुसार आरोपित की तलाशी लेने पर उसकी पेंट की जेब से एक पारदर्शी पॉलीथीन में कुल 5.70 ग्राम हेरोइन बरामद हुआ। पुलिस ने जितेंद्र के खिलाफ नशीले पदार्थ निरोधक अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपित से नशा नेटवर्क के बारे में पूछताछ की जा रही है। एसपी कुलदीप सिंह ने कहा कि जींद पुलिस आमजन से अपील करती है कि नशे के खिलाफ अभियान में पुलिस का सहयोग करें तथा नशा तस्करी संबंधी किसी भी सूचना की तुरंत पुलिस को जानकारी दें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा