home page

हरियाणा में वर्ष 2016 में भर्ती रोडवेज चालकों के लिए पक्की नौकरी की राह खुली

 | 
हरियाणा में वर्ष 2016 में भर्ती रोडवेज चालकों के लिए पक्की नौकरी की राह खुली


सांझा मोर्चा की मांग पर परिवहन महानिदेशक ने

मांगा रिकॉर्ड

6 अक्टूबर तक सभी डिपो से जानकारी तलब

हिसार, 5 अक्टूबर (राजेश्वर बैनीवाल)। हरियाणा

रोडवेज में वर्ष 2016 में भर्ती किए गए चालकों को नियुक्ति तिथि से पक्का करने की मांग

पर सरकार ने प्रक्रिया आगे बढ़ानी शुरू कर दी है। इस संबंध में परिवहन महानिदेशक, हरियाणा

ने प्रदेश के सभी महाप्रबंधकों को पत्र जारी कर वर्ष 2016 में भर्ती किए गए चालकों

का पूरा रिकॉर्ड मांगा है। विभाग की ओर से संबंधित चालकों की नियुक्ति, भर्ती के माध्यम

और सेवा सुरक्षा अधिनियम के तहत पात्रता समेत विभिन्न जानकारियां निर्धारित प्रोफार्मा

में उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए गए हैं।

परिवहन महानिदेशक की ओर से सोमवार को जारी पत्र

में कहा गया है कि पिछले माह 8 सितंबर को हरियाणा सरकार के परिवहन मंत्री की अध्यक्षता

में सांझा मोर्चा में शामिल हरियाणा राज्य परिवहन की यूनियनों के पदाधिकारियों के साथ

बैठक हुई थी। बैठक की कार्यवाही के बिंदु संख्या तीन में वर्ष 2016 में भर्ती किए गए

चालकों को नियुक्ति तिथि से पक्का किए जाने की मांग रखी गई थी। इसी मांग के संबंध में

अब सभी डिपो से चालकों का रिकॉर्ड मांगा गया है।

पत्र में यह भी स्पष्ट किया गया है कि वर्ष

2016 में आउटसोर्सिंग पॉलिसी पार्ट-2 के तहत भर्ती किए गए चालकों को हरियाणा संविदा

कर्मचारी (सेवा सुरक्षा) अधिनियम, 2024 के तहत निर्धारित पात्रता एवं शर्तें पूरी करने

पर सेवा सुरक्षा प्रदान किए जाने का प्रावधान है। ऐसे में विभाग संबंधित चालकों की

पात्रता और सेवा संबंधी रिकॉर्ड जुटा रहा है।

महाप्रबंधकों को निर्देश दिए गए हैं कि वर्ष

2016 में भर्ती किए गए चालकों के संबंध में रिकॉर्ड से सत्यापित जानकारी निर्धारित

प्रोफार्मा में तैयार कर 6 अक्टूबर को शाम 4 बजे तक मुख्यालय की स्थापना शाखा-3 की

ई-मेल पर भेजना सुनिश्चित करें। विभाग ने कर्मचारियों का नाम, पद, आधार का नाम, नियुक्ति

तिथि, भर्ती का माध्यम, सेवा सुरक्षा अधिनियम 2024 के तहत पात्रता, सेवा सुरक्षा का

लाभ लिया गया है या नहीं, सेवा सुरक्षा प्रदान करने की तिथि और वर्तमान वेतन सहित अन्य

जानकारी मांगी है।

विभाग द्वारा रिकॉर्ड मांगे जाने से वर्ष

2016 में भर्ती हुए रोडवेज चालकों की नियुक्ति को लेकर चल रही मांग के संबंध में अगली

कार्रवाई की उम्मीद जगी है। हालांकि, पत्र में अभी चालकों को नियुक्ति तिथि से नियमित

या पक्का करने का अंतिम निर्णय नहीं बताया गया है, बल्कि पात्र चालकों का रिकॉर्ड और

आवश्यक विवरण मांगा गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर