home page

हिसार : सिंचाई विभाग के पार्ट टाइम सफाई कर्मचारियों ने किया प्रदर्शन, आंदोलन अनिश्चितकाल बढ़ाया

 | 
हिसार : सिंचाई विभाग के पार्ट टाइम सफाई कर्मचारियों ने किया प्रदर्शन, आंदोलन अनिश्चितकाल बढ़ाया


15-20 साल से काम कर रहे कर्मचारियों का वेतन 11 हजार 272 से घटाकर 8776 रुपये

करने पर रोष

कर्मचारियों ने उठाई एचकेआरएन में शामिल करने सहित कई मांगें

हिसार, 14 अक्टूबर (हि.स.)। सिंचाई विभाग की आईबी सिटी शाखा के पार्ट टाइम

सफाई कर्मचारियों ने बुधवार को अपनी मांगों को लेकर कार्यकारी अभियंता के कार्यालय

पर प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि 15 से 20 साल से सेवाएं दे रहे पार्ट

टाइम स्वीपर (पीटीएस) का मासिक वेतन 11 हजार 272 रुपये से घटाकर 8776 रुपये कर दिया

गया है। वेतन में कटौती से कर्मचारियों में भारी रोष है। कर्मचारियों ने चेतावनी दी

कि मांगें पूरी होने तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। प्रदर्शन को अनिश्चितकाल के लिए बढ़ा

दिया गया है।

यूनियन के ब्रांच सचिव ने कहा कि कर्मचारी लंबे समय से विभाग में सेवाएं दे

रहे हैं, लेकिन उनकी समस्याओं का समाधान करने के बजाय वेतन में कटौती कर दी गई है।

इससे कर्मचारियों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों

को अपनी मांगें मनवाने के लिए आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ रहा है।

जिला ऑडिटर सतीश दनोदा ने मांग की कि पार्ट टाइम सफाई कर्मचारियों को हरियाणा

कौशल रोजगार निगम (एचकेआरएन) में शामिल किया जाए और उनसे आठ घंटे काम लिया जाए। उन्होंने

कहा कि सफाई कर्मचारियों से सीवर संबंधी कार्य न करवाया जाए तथा कचरा उठाने और ले जाने

के लिए आवश्यक साधन उपलब्ध करवाए जाएं। इसके अलावा लंबित बिलों का भुगतान करने और सेवानिवृत्त

कर्मचारियों को राहत देने की मांग भी उठाई गई।

यूनियन पदाधिकारियों के अनुसार, कर्मचारियों के प्रतिनिधिमंडल की अधिकारियों

के साथ बैठक हुई, लेकिन उसमें कोई ठोस आश्वासन नहीं मिला। इसके चलते कर्मचारियों ने

प्रदर्शन जारी रखने का फैसला लिया। उन्होंने कहा कि यदि अधिकारी जल्द बातचीत कर समस्याओं

का समाधान नहीं करते तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

राज्य उपप्रधान संदीप पूनिया और जिला प्रधान ओम प्रकाश मॉल ने कर्मचारियों

से आंदोलन को मजबूत करने का आह्वान किया। उन्होंने घोषणा की कि 24 अक्टूबर 2026 को

मंत्री रणबीर गंगवा के कैंप कार्यालय पर बड़ा प्रदर्शन किया जाएगा। इसके अलावा 12 दिसंबर

को दिल्ली के रामलीला मैदान में रैली आयोजित करने का भी आह्वान किया गया है।

प्रदर्शन में ब्लॉक सहसचिव करण नैन, जिला वरिष्ठ उपप्रधान रविंद्र शर्मा, ब्रांच

कोषाध्यक्ष अजय वर्मा, ऑडिटर राजेश माहिच, उपप्रधान विनोद सैनी, सहसचिव सुनील कुमार,

प्रताप मिस्त्री, गुरचरण प्रीत, रेशमा, दीपा, सतबीर, सोनू, अनिल, दिनेश, पवन, देवीराम,

अमित सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर