home page

हिसार में खुदाई के दौरान टूटी घरेलू गैस पाइपलाइन, चार घंटे तक हुआ रिसाव

 | 
हिसार में खुदाई के दौरान टूटी घरेलू गैस पाइपलाइन, चार घंटे तक हुआ रिसाव


बिजली कर्मचारी ट्रांसफार्मर लगाने के लिए कर

रहे थे खुदाई, फायर ब्रिगेड ने गड्ढे में पानी भरकर संभाली स्थिति

गैस कंपनी की टीम ने दोनों तरफ से सप्लाई बंद

कर ठीक की पाइपलाइन, टला बड़ा हादसा

हिसार, 31 अक्टूबर (हि.स.)। शहर में जिंदल पुल

के नीचे शनिवार को बिजली निगम की ओर से की जा रही खुदाई के दौरान घरेलू गैस की पाइपलाइन

क्षतिग्रस्त हो गई। पाइपलाइन टूटने से पीएनजी गैस का रिसाव शुरू हो गया और मौके पर

अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड, पुलिस और हरियाणा सिटी गैस

कंपनी की टीमें मौके पर पहुंच गईं। करीब चार घंटे की मशक्कत के बाद पाइपलाइन की मरम्मत

कर गैस रिसाव बंद किया गया। समय रहते बचाव कार्य शुरू होने से बड़ा हादसा टल गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बिजली निगम के कर्मचारी

जिंदल पुल के नीचे बिजली का ट्रांसफार्मर लगाने के लिए खुदाई कर रहे थे। इसी दौरान

जमीन के नीचे से गुजर रही घरेलू गैस की पाइपलाइन उनकी चपेट में आ गई और क्षतिग्रस्त

हो गई। पाइपलाइन टूटते ही गैस का रिसाव शुरू हो गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए

कर्मचारियों ने तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी।

सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम एक गाड़ी

लेकर मौके पर पहुंची। टीम ने एहतियात के तौर पर गैस रिसाव वाले गड्ढे को पानी से भर

दिया, ताकि रिसाव के खतरे को नियंत्रित किया जा सके। इसके बाद पुलिस भी मौके पर पहुंच

गई और सुरक्षा व्यवस्था संभालते हुए स्थिति पर नजर रखी।

घटना की सूचना मिलने पर हरियाणा सिटी गैस कंपनी

के साइट इंचार्ज धीरेन्द्र कुमार अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। टीम ने सबसे पहले

पाइपलाइन के दोनों तरफ से गैस की आपूर्ति बंद की और इसके बाद मरम्मत का काम शुरू किया।

करीब चार घंटे की मशक्कत के बाद पाइपलाइन को ठीक कर दिया गया और गैस का रिसाव पूरी

तरह बंद हो गया। पाइपलाइन की मरम्मत पूरी होने के बाद मौके पर स्थिति सामान्य हो गई।

बिजली विभाग की खुदाई के दौरान हुई इस घटना में समय रहते फायर ब्रिगेड, पुलिस और गैस

कंपनी की टीमों के पहुंचने से संभावित बड़ा हादसा टल गया।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर