home page

जींद : 17 जुलाई को देश के प्रधानमंत्री हरियाणा देंगे सौगातें : डा. अर्चना गुप्ता

 | 
जींद : 17 जुलाई को देश के प्रधानमंत्री हरियाणा देंगे सौगातें : डा. अर्चना गुप्ता


जींद, 06 जुलाई (हि.स.)। हरियाणा भाजपा की प्रदेश अध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता ने कहा कि आगामी 17 जुलाई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जींद रेलवे स्टेशन पर हाइड्रोजन ट्रेन का लोकार्पण करेंगे। यह ट्रेन जींद से सोनीपत तक चलेगी।

यह हमारे लिए हर्ष का विषय है कि देश के प्रधानमंत्री 17 जुलाई को जींद की धरा पर आ रहे हैं। वे हाइड्रोजन ट्रेन का झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इसके साथ ही कई अन्य विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी होगा।

हरियाणा भाजपा की प्रदेश अध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता सोमवार को पत्रकारों से बातचीत कर रही थी। उन्होंने बताया कि यह 10 कोच वाली दुनिया की सबसे लंबी हाइड्रोजन ट्रेन है। पूरी तरह पर्यावरण अनुकूल होने के कारण इसमें शून्य कार्बन उत्सर्जन होगा। ट्रेन चलने पर केवल भाप और पानी निकलेगा। यह पूरे भारत में पहली ऐसी ट्रेन है, जो हरियाणा को मिली है।

डा. गुप्ता ने कार्यकर्ताओं में व्याप्त उत्साह का जिक्र करते हुए कहा कि रैली के संयोजक के रूप में महामंत्री सुरेंद्र, डिप्टी स्पीकर डा. कृष्ण मिड्ढा, कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी, विधायकों, जिला परिषद चेयरमैन और सभी मोर्चा व मंडल अध्यक्ष सक्रिय रूप से काम कर रहे हैं। कुछ कार्यकर्ता साइकिल से तो कुछ पैदल भी पहुंचने वाले हैं।

उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री 17 जुलाई को ही मेडिकल कॉलेजों का ऑनलाइन लोकार्पण करेंगे। चंडीगढ़ और पंजाब में अन्य कार्यक्रमों के बाद वे उत्तर भारत के विकास को नई गति देने वाले हैं। कार्यक्रम को लेकर जींद जिला के साथ-साथ हरियाणा प्रदेशवासियों में जोश है। डा. अर्चना गुप्ता ने सभी कार्यकर्ताओं और जनता से प्रधानमंत्री के स्वागत में भारी संख्या में शामिल होने की अपील की। यह कार्यक्रम हरियाणा के लिए ऐतिहासिक साबित होगा। क्योंकि हाइड्रोजन ट्रेन जैसी अत्याधुनिक परियोजना प्रदेश को मिल रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा