home page

जींद : नागरिक अस्पताल जींद में किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाने के लिए लगाई वैक्सीन

 | 
जींद : नागरिक अस्पताल जींद में किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाने के लिए लगाई वैक्सीन


जींद, 28 फ़रवरी (हि.स.)। नागरिक अस्पताल में 14 वर्ष की किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाने के लिए मुफ्त एचपीवी वैक्सीन लगाई गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता सीएमओ डा. सुमन कोहली ने की जबकि टीकाकरण कार्यक्रम में पीएमओ डा. रघुवीर पूनिया, डिप्टी एमएस डा. राजेश भोला सहित अन्य स्वास्थ्य अधिकारी मौजूद रहे।

पीएमओ डा. रघुवीर पूनिया ने शनिवार को कहा कि एचपीवी वायरस महिलाओं में सर्वाइकल कैंसर का प्रमुख कारण माना जाता है। यह महिलाओं में होने वाले कैंसरों में प्रमुख स्थान रखता है। समय पर टीकाकरण से इस गंभीर बीमारी के खतरे को काफी हद तक कम किया जा सकता है। 30 वर्ष की उम्र के बाद इस बीमारी का खतरा बढ़ जाता है। यह अभियान बेटियों के सुरक्षित और स्वस्थ भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। ह्यूमन पैपिलोमावायरस (एचपीवी) टीकाकरण कार्यक्रम का उद्देश्य है सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी को जड़ से रोका जाए। यह टीकाकरण पूरी तरह स्वैच्छिक होगा और 14 साल की आयु की लड़कियों को गवर्नमेंट हेल्थ सेंटर पर मुफ्त लगाया जाएगा। खास बात यह है कि हर वैक्सीनेशन सेंटर ट्रेंड मेडिकल अधिकारियों की निगरानी में होगा और टीका लगने के बाद जरूरी ऑब्जर्वेशन होगा।

डिप्टी एमएस डा. राजेश भोला ने कहा कि जींद जिले में स्वास्थ्य विभाग ने पात्र लाभार्थियों की पहचान कर ली है और वैक्सीनेशन शुरू की गई है। फिलहाल विभाग को एक हजार डोज उपलब्ध हुई हैं। प्रथम दिन 50 से अधिक डोज लगाई गई हैं। हमारी किशोरियों के सुरक्षित भविष्य की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम है। सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम के लिए यह टीका वैज्ञानिक रूप से प्रमाणित, प्रभावी एवं सुरक्षित है। मुख्य रूप से 14 वर्ष की लड़कियां (जिन्होंने अभी 15 वर्ष पूरे नहीं किए) हों के लिए वैक्सीनेशन स्वैच्छिक है और पूरी तरह मुफ्त है। डा. भोला ने अभिभावकों से अपील है कि अपनी बेटियों को इस जीवन रक्षक वैक्सीन से जरूर लाभान्वित करें। इसके बारे में अधिक जानकारी के लिए नागरिक अस्पताल जींद में संपर्क कर सकते हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा