home page

जींद : डिप्टी स्पीकर ने किया नई अनाज मंडी का निरीक्षण

 | 
जींद : डिप्टी स्पीकर ने किया नई अनाज मंडी का निरीक्षण


जींद, 03 अप्रैल (हि.स.)। हरियाणा विधानसभा के डिप्टी स्पीकर डा. कृष्ण मिड्ढा ने कहा है कि मंडियों में रबी फसल खरीद प्रक्रिया में किसानों को किसी प्रकार की कोई परेशानी नहीं होनी चाहिए। मंडियों में पेयजल, बैठने की व्यवस्था जैसी मूलभूत सुविधाएं समूचित हो। सरकार द्वारा किसानों की फसल का एक-एक दाना खरीदा जाएगा।

डिप्टी स्पीकर डा. कृष्ण मिड्ढा शुक्रवार को नई अनाज मंडी का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे थे। उन्होंने गेट पास प्रणाली, बायोमैट्रिक पंजीकरण, बारदाना (बोरी) की उपलब्धता और खरीद प्रक्रिया की पारदर्शिता का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बारदाना की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए और खरीद कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही सहन नहीं की जाएगी। इसके अलावा उन्होंने किसान अटल कैंटीन और किसान विश्राम गृह का भी निरीक्षण किया तथा वहां उपलब्ध सुविधाओं की गुणवत्ता पर संतोष जाहिर किया। उन्होंने कहा कि किसानों के लिए पेयजल, स्वच्छ शौचालय, बैठने की उचित व्यवस्थाए छाया और साफ.सफाई जैसी सभी मूलभूत सुविधाएं हर समय उपलब्ध रहनी चाहिए। उन्होंने कहा कि मंडियों में आने वाले किसानों के साथ सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित किया जाए तथा उनकी समस्याओं का तुरंत समाधान किया जाए। यदि किसी भी स्तर पर लापरवाही पाई गई तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। डिप्टी स्पीकर ने कहा कि सरकार किसानों की आय बढ़ाने और उनकी मेहनत का पूरा मूल्य दिलाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। पारदर्शी और सुव्यवस्थित खरीद प्रणाली से किसानों का विश्वास और मजबूत होगा। इस दौरान विधानसभा उपाध्यक्ष ने मंडी में आई सरसों की खरीद प्रक्रिया का जायजा लिया। उन्होंने किसानों से बातचीत करते हुए सरसों की फसल खरीद, भाव, आवक और समर्थन मूल्य आदि के बारे में जानकारी ली।

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा