home page

जींद : भारतीय किसान यूनियन ने अनाज मंडी गेट पर जड़ा ताला

 | 
जींद : भारतीय किसान यूनियन ने अनाज मंडी गेट पर जड़ा ताला


जींद, 20 अप्रैल (हि.स.)। नए फसल खरीद नियम के विरोध में सोमवार को को भारतीय किसान यूनियन ने दो घंटे के लिए अनाज मंडी गेट पर ताला जड़ कर रोष व्यक्त किया। इस दौरान फसल खरीद का कार्य भी प्रभावित हुआ। इस दौरान भाकियू कार्यकर्ताओं ने अनाज मंडी में धरना दिया और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

आंदोलनरत भाकियू कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए जिला प्रधान बिंद्र नंबरदार, जिला प्रेस प्रवक्ता रामराजी ढुल पोंकरीखेड़ी व सतेंद्र कोथ ने कहा कि जब तक सरकार यह तुगलकी फरमान वापस नहीं लेती, तब तक हर रोज एक मंत्री या विधायक का पुतला दहन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बेमौसमी बारिश व ओलावृष्टि की मार से प्रदेश के किसानों को नुकसान हुआ है। जिसकी भरपाई के लिए किसानों को मुआवजा राशि देनी चाहिए। जब तक सरकार बायोमेट्रिक नियम को वापस नहीं लेती उनका आंदोलन जारी रहेगा।

उन्होंने कहा कि मार्केट कमेटी द्वारा कार्यालय के साथ लगती बिल्डिंग पर बनाए गए विश्राम गृह में किसानों के ठहरने, उठने व बैठने की कोई व्यवस्था नहीं है और ई दिशा केंद्र खोला हुआ है। अब ई खरीद पोर्टल में व्यवधान आने के चलते मैनुअल तरीके से गेटपास काटे जा सकते हैं, तो फसल की खरीद भी मैनुअल की जा सकती है। सरकार जल्द से जल्द इन निर्णयों को वापस ले। दो घंटे रोष प्रदर्शन के बाद गेट पर से ताला खोल दिया गया। जिससे मंडी में फसल खरीद का कार्य सुचारू हुआ। भाकियू के प्रदर्शन को देखते हुए पुलिसबल को तैनात किया गया था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा