home page

जींद : मजदूरों ने काला दिवस मनाते हुए किया प्रदर्शन

 | 
जींद : मजदूरों ने काला दिवस मनाते हुए किया प्रदर्शन


जींद, 01 अप्रैल (हि.स.)। लघु सचिवालय में बुधवार को मजदूरों, सेवारत कर्मियों और सेवानिवृत कर्मियों ने काला दिवस मनाते हुए प्रदर्शन किया और केंद्र व राज्य सरकार की नीतियों के खिलाफ जमकर नारेबारी की। प्रदर्शनकारियों ने अपनी मांगों को लेकर धरना दिया धरने की अध्यक्षता संयुक्त रूप से संजीव ढांडा, रमेश चंद्र, सतबीर और सतीश बड़ौदा ने की। मंच का संचालन कपूर सिंह द्वारा किया गया।

धरने को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि सरकार लगातार श्रमिक वर्ग के अधिकारों पर हमला कर रही है। उन्होंने मांग की कि चार लेबर कोड्स को रद्द किया जाए और पुराने श्रम कानून बहाल किए जाएं। ग्रामीण विकास और रोजगार के लिए मनरेगा योजना को पूरी पारदर्शिता और बजट के साथ बहाल की जाए। वी बी जी रामजी ग्रामीण विरोधी योजना को तुरंत रद्द किया जाए। रिटायर्ड कर्मचारियों को भी पुरानी पेंशन बहाली सहित अन्य लंबित मांगों को पूरा किया जाए। सीटू नेता कपूर सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि सरकार की हठधर्मिता के कारण आज समाज का हर वर्ग चाहे वह मजदूर हो, कर्मचारी हो या बुजुर्ग, सड़कों पर उतरने को मजबूर है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि सरकार ने ज्ञापन में दी गई मांगों पर शीघ्र कार्यवाही नही की तो यह आंदोलन केवल लघु सचिवालय तक सीमित नहीं रहेगा बल्कि इसे गांव-गांव और गली-गली तक ले जाया जाएगा। प्रदर्शन के बाद उपायुक्त के माध्यम से महामहिम राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा गया। इस अवसर पर विभिन्न विभागों के कर्मचारी और मजदूर संगठनों के पदाधिकारियों ने धरने को सम्बोधित किया। जिसमें सर्व कर्मचारी संघ के जिला सचिव सन्नी डागर, ब्लॉक प्रधान मंदीप नेहरा, संदीप गिल, जन संघर्ष मंच के नेता पाल सिंह, सूरजभान, विक्रम सिंह, बिजली कर्मचारी नेता धर्मबीर भम्भेवा आदि ने संबोधित किया।

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा