home page

जींद : व्यापारी को धमकी देने वाले गिरोह के पांच आरोपित गिरफ्तार

 | 
जींद : व्यापारी को धमकी देने वाले गिरोह के पांच आरोपित गिरफ्तार


जींद, 10 मई (हि.स.)। शहर थाना नरवाना पुलिस ने व्यापारी को शनिवार रात डरा कर हर माह एक लाख रुपये की चौथ मांगने के पांचों आरोपितों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार किए गए आरोपितों की पहचान गांव काब्रच्छा निवासी अमरजीत, प्रवेश, मयंक, राहुल तथा सचिन के रूप में हुई है। रविवार को पांचों आरोपितों को गंजा कर बाजार में घुमाया गया ताकि लोगों में भय का माहौल न रहे।

शहर थाना नरवाना प्रभारी पूर्ण दास ने रविवार को जानकारी देते हुए बताया कि मॉडल टाउन नरवाना निवासी व्यापारी नरेश जैन ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि शनिवार को कुछ युवक उनकी दुकान पर आए। पहले दो युवकों ने स्वयं को गांव काब्रच्छा निवासी मयंक व सचिन बताते हुए कहा कि उनका बॉस उनसे अकेले में बात करना चाहता है। इसके बाद अन्य युवक दुकान में आए। जिनमें अमरजीत ने स्वयं को हाल ही में जेल से बाहर आया बताया और शिकायतकर्ता को धमकाते हुए कहा कि भविष्य में सुरक्षा के नाम पर उसे हर महीने एक लाख रुपये देने होंगे। अन्यथा गंभीर परिणाम भुगतने पड़ेंगे।

आरोपित जाते समय दोबारा फोन कर पैसे मांगने की धमकी देकर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने व्यापारी नरेश जैन की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। सीआईए स्टाफ नरवाना के प्रभारी उप निरीक्षक सुखदेव सिंह की टीम ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए तकनीकी साक्ष्य व अन्य सुरागों के आधार पर सभी नामजद आरोपितों को काबू कर लिया। पूछताछ के दौरान पुलिस ने आरोपितों की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त कार भी बरामद कर ली है। पुलिस द्वारा आरोपित राहुल, सचिन, मयंक व प्रवेश को अदालत में पेश कर जिला जेल भेज दिया है जबकि मुख्य आरोपित अमरजीत का पुलिस रिमांड हासिल करके आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा