जींद : पशुबाड़े में आग से दो भैंसें झुलसी, हुई मौत
जींद, 26 मई (हि.स.)। गांव अनूपगढ़ में मंगलवार दोपहर को पशुबाड़े में आग लगने से दो भैंसों की मौत हो गई। जबकि पशु चारा भी जल कर राख हो गया। आग लगने की सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस तथा फायर बिग्रेड की गाड़ी मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काबू पाया।
गांव अनूपगढ़ निवासी उपेंद्र ने मकान के साथ पशुबाड़ा बनाया हुआ है। जिसमें बरामदे में भैंस बांधने के साथ पशुचारे का भी भंडारण किया हुआ था। मंगलवार को पशुबाड़े के बरामदे में आग भड़क उठी। भीषण गर्मी होने के कारण आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। घटना के समय लोग अपने घरों में आराम कर रहे थे।
पशुओं के रांभने ने लोगों का ध्यान पशुबाड़े की तरफ खींचा। शोर मचाए जाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और आग पर काबू पाने की कोशिश की लेकिन आग लगतार फैलती चली गई। जिसने पशुचारे के साथ उसमें बंधी भैंसों को भी अपनी चपेट में ले लिया। जिसमें झुलसने से दो भैंसों की मौत हो गई। घटना की सूचना पाकर सदर थाना पुलिस तथा फायर बिग्रेड की गाड़ी मौके पर पहुंच गई और ग्रामीणों के सहयोग से आग पर काबू पाया। उपेंद्र ने बताया कि पशुबाड़े में लगी आग से उसकी दो भैंसों व पशुचारा जल कर राख हो गया है। आग से उसे लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

