home page

श्री विश्वकर्मा कौशल विश्वविद्यालय पलवल में धूमधाम से मनाया बैसाखी का पर्व

 | 
श्री विश्वकर्मा कौशल विश्वविद्यालय पलवल में धूमधाम से मनाया बैसाखी का पर्व


पलवल, 13 अप्रैल (हि.स.)। श्री विश्वकर्मा कौशल विश्वविद्यालय में सोमवार को बैसाखी का त्यौहार धूमधाम से मनाया गया। कृषि संकाय द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में क्षेत्र के काफी संख्या में प्रगतिशील किसान सम्मिलित हुए और उन्होंने अपने कृषि उत्पादों की प्रदर्शनी नहीं लगाई। कृषि संकाय के विद्यार्थियों ने भी प्रदर्शनी में विश्वविद्यालय के फार्म हाउस पर तैयार किए गए प्राकृतिक उत्पाद और प्राकृतिक कृतियां प्रदर्शित की। कुलगुरु प्रोफेसर दिनेश कुमार ने किसानों और विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया और सभी को बैसाखी की बधाई दी। उन्होंने कार्यक्रम का शुभारम्भ करते हुए कहा कि बैसाखी कृषि से जुड़ा हुआ एक शानदार पर्व है। इसमें किसान फसल पकने का जश्न मनाता है।

कुलगुरु प्रोफेसर दिनेश ने कहा कि कृषि में उद्यमिता की अपार संभावनाएं हैं। कृषि में नवाचार करके बहुत धन अर्जित किया जा सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों और किसानों से आपस में एक दूसरे सीखने का आह्वान किया। कुलगुरु प्रोफेसर दिनेश कुमार ने कहा कि दिल्ली एनसीआर की आवश्यकताओं को देखते हुए प्राकृतिक कृषि के उत्पाद तैयार करें। साथ ही उन्होंने इस साल से शुरू हो बीएससी एग्रीकल्चर को विद्यार्थियों के लिए बड़ा तोहफा बताया।

कुलगुरु प्रोफेसर दिनेश कुमार ने अग्रणी किसानों और विद्यार्थियों को पुरस्कृत भी किया। इससे पूर्व कृषि संकाय के अधिष्ठाता प्रोफेसर डीवी पाठक ने कुलगुरु प्रोफेसर दिनेश कुमार, अनुप्रयुक्त विज्ञान एवं मानविकी संकाय की डीन प्रोफेसर सुचित्रा वशिष्ठ, ग्रीन टेक्नोलॉजी डिपार्टमेंट के चेयरपर्सन डॉ. सुनील कुमार गर्ग तथा बाहर से आए प्रगतिशील किसानों का स्वागत किया।

विद्यार्थियों ने बैसाखी की ख़ुशी में हरियाणवी और पंजाबी सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। इस अवसर पर प्रोफेसर ऊषा बत्रा, डॉ. हरीश कुमार, डॉ. गुरप्रीत सिंह, डॉ. गीता, डॉ. खुशबू सिंह, डॉ. स्मिता श्रीवास्तव, पुष्पेंद्र, चंद्रशेखर, डॉ. मनीष, रजनीश के अलावा राकेश चौहान और बुधराम सहित कई अन्य किसान भी उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गुरुदत्त गर्ग