home page

हिसार : धुंध में हादसे रोकने के लिए प्रशासन की तैयारी, 10 दिन में बदलेंगी जिले की सड़कों की सूरत

 | 
हिसार : धुंध में हादसे रोकने के लिए प्रशासन की तैयारी, 10 दिन में बदलेंगी जिले की सड़कों की सूरत


ब्लैक स्पॉट पर व्हाइट स्ट्रिप, रिफ्लेक्टर और चेतावनी बोर्ड लगाने का अल्टीमेटम

308 चालान से वसूले 91.26 लाख रुपये, अवैध कॉलोनियों व खनन पर भी शिकंजा कसने

की तैयारी

हिसार, 23 नवंबर (हि.स.)। सर्दियों की धुंध में सड़क हादसों का खतरा बढ़ने

से पहले जिला प्रशासन ने सड़कों की सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने की कवायद तेज कर

दी है। जिले के दुर्घटना संभावित मार्गों और ब्लैक स्पॉट पर अगले 8 से 10 दिनों में

व्हाइट स्ट्रिप, रिफ्लेक्टर, साइन बोर्ड और चेतावनी संकेत लगाने का लक्ष्य तय किया

गया है। प्रशासन ने साफ कर दिया है कि इस बार धुंध के दौरान हादसों का इंतजार करने

की बजाय पहले ही सड़क सुरक्षा की खामियां दूर करनी होंगी। उपायुक्त महेंद्र पाल ने साेमवार काे बैठक लेकर

संबंधित विभागों को समयबद्ध तरीके से काम पूरा करने के निर्देश दिए हैं।

जिले में कई ऐसे मार्ग हैं, जहां रात के समय और धुंध के दौरान वाहन चालकों

को सड़क की स्थिति समझने में परेशानी होती है। बैठक में लाडवा से डाबड़ा-बगला रोड,

किरमारा रोड, हांसी-बरवाला रोड, बरवाला-हांसी रोड, कोहली रोड, भिवानी-हांसी रोड, राजगढ़

रोड, दिल्ली रोड, एनएच-52, सुरेवाला चौक-भिवानी रोड, गैबीपुर पुल, बरवाला चुंगी, रूपाणा

से तलवंडी बादशाहपुर रोड, मुंढाल फ्लाईओवर सर्विस रोड, उकलाना आरओबी, कैंट एरिया और

कैमेरी रोड सहित कई दुर्घटना संभावित स्थानों की समीक्षा की गई। इन मार्गों पर निरीक्षण

के बाद आवश्यक सुधार करवाए जाएंगे। सड़कों पर गड्ढे भरने, खराब ट्रैफिक लाइट ठीक करने,

जल निकासी सुधारने और झाड़ियों व पेड़ों की झुकी शाखाएं हटाने के निर्देश भी दिए गए

हैं।

ओवरलोडिंग और ओवरस्पीडिंग पर होगी सख्ती

सड़क सुरक्षा के लिए केवल संकेतक लगाने तक ही कार्रवाई सीमित नहीं रहेगी। पुलिस

को ओवरलोडिंग, ओवरस्पीडिंग, बिना हेलमेट और बिना सीट बेल्ट वाहन चलाने वालों के खिलाफ

सख्त कार्रवाई करने को कहा गया है। स्कूल वाहनों की फिटनेस और सुरक्षा मानकों की नियमित

जांच भी होगी। अक्टूबर 2026 में आरटीए विभाग ने 308 चालान कर 91 लाख 26 हजार 500 रुपये

का जुर्माना वसूला है। उपायुक्त ने चालान अभियान को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए

हैं। सड़कों पर घूमने वाले आवारा पशुओं को पकड़कर गौशालाओं में भेजने की व्यवस्था करने

को भी कहा गया है।

अवैध कॉलोनियों में जमीन की रजिस्ट्रियों पर नजर

प्रशासन की चिंता सिर्फ सड़क सुरक्षा तक सीमित नहीं रही। अवैध कॉलोनियों में

जमीन की खरीद-फरोख्त रोकने के लिए भी निगरानी बढ़ाई जाएगी। जिला नगर योजनाकार की ओर

से संभावित अवैध कॉलोनियों की पहचान कर संबंधित तहसीलदारों को सूची भेजी जा रही है,

ताकि ऐसी जगहों पर जमीन की रजिस्ट्रियों पर आवश्यक नियंत्रण रखा जा सके। उपायुक्त ने

लोगों को अवैध कॉलोनियों में प्लॉट खरीदने से होने वाले नुकसान के प्रति जागरूक करने

और 2041 मास्टर प्लान के कार्य में तेजी लाने को कहा है। शहरी क्षेत्र में अतिक्रमण

हटाने के लिए ड्यूटी मजिस्ट्रेट और पुलिस बल की उपलब्धता भी सुनिश्चित की जाएगी।

अवैध खनन और परिवहन पर भी प्रशासन की नजर

माइनिंग टास्क फोर्स की बैठक में अवैध खनन और खनन सामग्री के अनधिकृत परिवहन

पर रोक लगाने की कार्रवाई की समीक्षा हुई। अधिकारियों को ऐसी गतिविधियों पर लगातार

नजर रखने और नियम तोड़ने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। बालू और

रेत के ऑनलाइन पंजीकरण की प्रक्रिया को सरल और पारदर्शी बनाने पर भी जोर दिया गया।

वहीं, हिट एंड रन मामलों में पीड़ितों और उनके परिजनों को मिलने वाली सहायता राशि के

मामलों का समय पर निपटारा करने को कहा गया। बैठकों की अध्यक्षता करते हुए उपायुक्त महेंद्र पाल ने अधिकारियों को स्पष्ट

किया कि सड़क सुरक्षा, अवैध खनन और अवैध कॉलोनियों से जुड़े मामलों में लापरवाही स्वीकार

नहीं होगी।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर