हिसार : एलपीजी डिलीवरी के दौरान चोरी करने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार
कुलेरी गांव में वारदात को दिया था अंजाम, सिलेंडर बेचकर जुटाई नकदी चालक ने
बैग में रखी थी
हिसार, 23 नवंबर (हि.स.)। गांवों में गैस सिलेंडर की डिलीवरी के दौरान चालक
के बैग से करीब 72 हजार रुपये चोरी करने के मामले में अग्रोहा पुलिस ने तीन आरोपियों
को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान भूना निवासी अंकित तथा कुलेरी निवासी
पुनीत व सन्नी के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की रकम में से
29 हजार रुपये बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, नगंथला निवासी ओमप्रकाश अग्रोहा स्थित इंडेन गैस एजेंसी में
वर्ष 2018 से छोटा हाथी वाहन चालक के रूप में कार्यरत है। वह गैस सिलेंडरों की डिलीवरी
भी करता है। गत 21 नवंबर को वह वाहन में सिलेंडर लेकर गांव नगंथला और कुलेरी में डिलीवरी
करने गया था। दोनों गांवों में कुल 75 सिलेंडर वितरित करने के बाद उसने करीब 72 हजार
रुपये की नकदी एकत्रित की और उसे हरे रंग के बैग में रखकर वाहन के कैबिन में रख दिया।
शिकायत के मुताबिक, शाम करीब 4 से 4:30 बजे गांव कुलेरी में एक ग्राहक को सिलेंडर देने
के दौरान दो युवक वाहन के कैबिन में रखा नकदी से भरा बैग चोरी कर फरार हो गए। घटना
की शिकायत मिलने पर अग्रोहा थाना में आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। पुलिस
ने जांच के दौरान वारदात में शामिल अंकित, पुनीत और सन्नी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों
से चोरी की रकम में से 29 हजार रुपये बरामद किए गए हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

