home page

जींद : अलग-अलग सड़क हादसों में युवक समेत दो की मौत

 | 
जींद : अलग-अलग सड़क हादसों में युवक समेत दो की मौत


जींद, 01 अगस्त (हि.स.)। जिले में अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों में एक युवक समेत दो लोगों की मौत हो गई। संबंधित थाना पुलिस ने शनिवार काे मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया है। शिकायतों के आधार पर पुलिस ने फरार वाहन चालकों के खिलाफ मामले दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

गांव ललितखेड़ा खेड़ा निवासी जयपाल शुक्रवार शाम को अपने खेत में गया हुआ था। वापसी के दौरान जब वह रोड को पार कर रहा था तो उसी दौरान गोहाना की तरफ से आ रही तेजरफ्तार कार ने जयपाल को टक्कर मार दी। घटना को अंजाम देकर चालक गाड़ी समेत मौके से फरार हो गया। गंभीर हालात में जयपाल को नागरिक अस्पताल लाया गया। जहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना पाकर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और हालातों का जायजा लिया। पुलिस ने मृतक के बेटे जयबीर की शिकायत पर फरार वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। उधर, गांव कुचराना कलां निवासी प्रिंस (18) बाइक पर सवार होकर अपने घर लौट रहा था। गांव सच्चाखेड़ा के निकट तेजरफ्तार स्कार्पियो गाड़ी ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। घटना को अंजाम देकर चालक गाड़ी समेत मौके से फरार हो गया। गंभीर हालात में प्रिंस को नागरिक अस्पताल नरवाना ले जाया गया। जहां पर चिकित्सकों ने उसे मृतक घोषित कर दिया। मृतक के पिता धर्मपाल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि प्रिंस दो बहनों का इकलौता भाई था। अपनी बहन से मिलने के लिए गांव सुरेवाला गया हुआ था। वापसी के दौरान रास्ते में हादसा हो गया। सदर थाना नरवाना पुलिस ने मृतक के शव का पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया और फरार गाड़ी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा