जींद : व्यक्ति ने सल्फास निगलकर दी जान, महिला समेत दो नामजद
जींद, 14 मई (हि.स.)। सफीदों में एक व्यक्ति ने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली। मरने से पहले मृतक ने चार पेज का सुसाइड नोट छोड़ा है। शहर थाना सफीदों पुलिस ने सुसाइड नोट को आधार मान कर मृतक के भाई की शिकायत पर महिला समेत दो लोगों के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने का मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
रामपुरा रोड सफीदों आटा चक्की के निकट रहने वाले 39 वर्षीय संदीप (39) ने बुधवार को जहरीलदा पदार्थ निगल लिया। जिस पर परिजनों द्वारा उसे पानीपत के निजी अस्पताल ले जाया गया। जहां पर उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटनी की सूचना मिलने पर शहर थाना सफीदों पुलिस मौके पर पहुंच गई और हालातों का जायजा लिया। मृतक द्वारा चार पेज का सुसाइड नोट छोड़ा गया है। जिसमें मौत के लिए गांव जामनी निवासी रेनू तथा गुरमीत को मौत का जिम्मेवार ठहराया गया है।
मृतक के भाई रामनिवास ने पुलिस को बताया कि उसके भाई संदीप का पत्नी के साथ तलाक का केस चल रहा है। संदीप ने बुधवार को उसके व्हाट्सअप पर उसके पास चार पेज भेजे। जोकि सुसाइड नोट था। जिस पर वह अपने साथी को लेकर सफीदों मकान पर पहुंचा तो संदीप उल्टियां कर रहा था। संदीप ने उसे चार पेज का सुसाइड नोट थमा दिया। शहर थाना सफीदों पुलिस मृतक द्वारा छोड़े गए सुसाइड नोट तथा मृतक के भाई रामनिवास की शिकायत पर आरोपित रेणू तथा गुरमीत के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने का मामला दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम करा परिजनों को साैंप दिया है। गुरूवार को जानकारी देते हुए शहर थाना सफीदों के जांच अधिकारी रविंद्र ने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। फिलहाल मृतक द्वारा छोड़े गए सुसाइड नोट के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

