home page

जींद : जानलेवा हमले व अवैध हथियार रखने के दोषी को सात साल की सजा

 | 
जींद : जानलेवा हमले व अवैध हथियार रखने के दोषी को सात साल की सजा


जींद, 20 नवंबर (हि.स.)। एडीजे जयबीर सिंह की अदालत ने जानलेवा हमला करने और अवैध हथियार रखने के मामले में दोषी को सात साल के कारावास और 20 हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई है। इसके अलावा अदालत ने 20 हजार रुपये जुर्माना भी लगाया है। इसमें दस हजार रुपये जुर्माना अवैध असलहा के तहत लगाया गया है। अभियोजन पक्ष के अनुसार वर्ष 2018 में गांव भुसलाना में आपसी रंजिश के चलते झगड़ा हो गया था। इस दौरान गांव के ही अनुज ने धर्मेंद्र पर जान से मारने की नीयत से अवैध देशी पिस्तौल से फायर कर दिया था। गोली लगने से धर्मेंद्र घायल हो गया था।

घटना के संबंध में थाना सदर सफीदों में आरोपित अनुज के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था। पुलिस ने मामले की गहनता से जांच करते हुए आरोपित अनुज को गिरफ्तार किया और उसकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल की गई देशी पिस्तौल बरामद की थी। इसके बाद पुलिस ने आवश्यक साक्ष्य जुटा कर अदालत में चालान पेश किया। शुक्रवार को अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश जयबीर सिंह की अदालत ने गांव भुसलाना निवासी अनुज को दोषी करार देते हुए सात साल के कारावास और 20 हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा