home page

जींद : कंटेनर ने मारी टक्कर, बाइक सवार पत्नी की मौत

 | 
जींद : कंटेनर ने मारी टक्कर, बाइक सवार पत्नी की मौत


जींद, 31 मार्च (हि.स.)। नरवाना स्थित हिसार-चंडीगढ़ नेशनल हाइवे के निकट तेज रफ्तार कंटेनर की टक्कर से बाइक सवार महिला की मौत हो गई। घटना की सूचना पाकर शहर थाना नरवाना पुलिस मौके पर पहुंची और मृतका के शव को कब्जे में ले नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम करवा शव परिजनों को सौंप दिया। घटना के बाद चालक कंटेनर को लेकर मौके से फरार हो गया। हादसे में मृतका का पति भी घायल हो गया। शहर थाना नरवाना पुलिस ने कंटेनर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

गांव चरथावल यूपी निवासी सुनील ने मंगलवार को पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह अपनी बीमार पत्नी 28 वर्षीय सुलेखा को बाइक पर दवाई दिलाने टोहाना जा रहा था। हिसार-चंडीगढ़ नेशनल हाइवे के निकट सामने से आ रहे तेज रफ्तार कंटेनर ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। जिसमें दोनों घायल हो गए। घटना को अंजाम देकर चालक गाड़ी समेत मौके से फरार हो गया। राहगीरों ने उन्हें नरवाना नागरिक अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने उसकी पत्नी सुलेखा को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना पाकर शहर थाना नरवाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और हालातों का जायजा लिया। पुलिस ने मृतका के पति सुनील की शिकायत पर फरार गाड़ी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा