जींद : डिफाल्टर उपभोक्ताओं पर निगम कसेगा शिकंजा, 331 करोड़ बकाया
जींद, 27 अक्टूबर (हि.स.)। बिजली निगम नगूरां ने डिफाल्टर उपभोक्ताओं पर शिकंजा कसने के लिए रणनीति तैयार कर ली है। इसके लिए निगम एक नवंबर से बड़े स्तर पर डिफाल्टर उपभोक्ताओं से बकाया वसूली के लिए अभियान चलाएगा और इसमे पंचायत का भी सहयोग लिया जाएगा।
मंगलवार को बिजली निगम नगूरां के एसडीओ आन्नंद कुमार ने बताया कि बिजली निगम नगूरां में डिफाल्टर उपभोक्ताओं की तरफ 331 करोड़ बकाया है। ऐसे में निगम एक नवंबर से डिफाल्टर उपभोक्तओं पर शिकंजा कसेगा। निगम ने इसके लिए रणनीति तैयार कर ली है।
नगूरां निगम की बात करें तो घरेलू उपभोक्ताओं की तरफ 160 करोड़ रुपये, एनडीएस उपभोक्ताओं की तरफ 64 लाख रुपये, एलटी उपभोक्ताओं की तरफ 30 लाख रुपये और एग्रीकल्चर उपभोक्ताओंं की तरफ पांच लाख रुपये बकाया हैं। विद्युत उपभोक्ताओं को राहत देने के उद्देश्य से सरकार नेे अंत्योदय योजना शुरू की हुई है। इसके लिए उपभोक्ता की आय एक लाख से कम हो और सालाना यूनिट नियमों के अधीन हो। ऐसे उपभोक्ता अपना बिजली का बिल भर कर स्कीम का लाभ उठा सकते हैं।
उन्होंने कहा कि यही नहीं एनडीएस, एलटी और एग्रीकल्चर जैसे बिजली कनेक्शशनों पर निगम एक नवबंर से घर-घर न जाकर निगम से ही कनेक्शन काटने का काम करेगा। उसके बाद बिजली उपभोक्ताओं को कनेक्शन लेने के लिए काफी परेशानियों का सामना करना पड़ेगा। कई बार नोटिस जारी करने के बावजूद उपभोक्ताओं ने बिजली का बकाया जमा नहीं किया है। इन लोगों पर विद्युत निगम कार्रवाई की रूपरेखा तैयार कर रहा है। ऐसे उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटने के लिए उन्हें चिन्हित करने की कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। बिजली निगम एसडीओ ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे जल्द से जल्द अपने बकाया बिल जमा कर दें। ऐसे उपभोक्ताओं के खिलाफ कनेक्शन काटने की कार्रवाई की जाएगी। बिजली निगम ने स्पष्ट किया है कि आम उपभोक्ताओं के साथ-साथ अब डिफाल्टर सरकारी विभागों को भी नोटिस जारी कर सख्ती से वसूली की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

