home page

हिसार : श्रम और हुनर से ही मजबूत होता राष्ट्र, कारीगरों का योगदान अहम : रणबीर गंगवा

 | 
हिसार : श्रम और हुनर से ही मजबूत होता राष्ट्र, कारीगरों का योगदान अहम : रणबीर गंगवा


विश्वकर्मा दिवस पर बरवाला की धर्मशाला में आयोजित

कार्यक्रम में पहुंचे कैबिनेट मंत्री

21 लाख रुपये से हुए नवीनीकरण कार्यों का किया

उद्घाटन, मुख्य द्वार व ग्राउंड के विकास का भी दिया आश्वासन

हिसार, 09 नवंबर (हि.स.)। विश्वकर्मा दिवस के

अवसर पर बरवाला स्थित श्री विश्वकर्मा धर्मशाला में साेमवार काे धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किया

गया। इसमें हरियाणा के लोक निर्माण एवं जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री रणबीर गंगवा

ने शिरकत की। उन्होंने भगवान विश्वकर्मा की पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों को पर्व की

शुभकामनाएं दीं। इस दौरान उन्होंने धर्मशाला में अपने कोष से 21 लाख रुपये की राशि

से करवाए गए नवीनीकरण कार्यों का उद्घाटन भी किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए रणबीर गंगवा ने

साेमवार काे कहा कि भगवान विश्वकर्मा को सृष्टि का प्रथम शिल्पकार और निर्माण एवं सृजन का देवता

माना जाता है। उनकी शिल्पकला और निर्माण कौशल से जुड़ी अनेक पौराणिक मान्यताएं हैं।

स्वर्गलोक, सोने की लंका और द्वारिका जैसी भव्य रचनाओं के निर्माण से लेकर भगवान शिव

के त्रिशूल और भगवान विष्णु के सुदर्शन चक्र तक में उनकी कला का उल्लेख मिलता है। उन्होंने

कहा कि विश्वकर्मा दिवस केवल धार्मिक आस्था का पर्व नहीं, बल्कि श्रम, कला, तकनीक और

हुनर के महत्व को समझने का अवसर भी है। एक छोटा कारीगर हो, कारखाने में काम करने वाला

श्रमिक या आधुनिक तकनीक से निर्माण करने वाला इंजीनियर, हर व्यक्ति अपने कौशल और मेहनत

से समाज व राष्ट्र के विकास में योगदान देता है। किसी भी देश की तरक्की केवल बड़े उद्योगों

और आधुनिक संसाधनों से नहीं, बल्कि उन हाथों की मेहनत से भी होती है जो निर्माण और

उत्पादन को संभव बनाते हैं।

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि श्रम का सम्मान और हुनर

को प्रोत्साहन देना मजबूत एवं आत्मनिर्भर समाज की नींव है। आज का दौर तकनीक और नवाचार

का है। ऐसे में पारंपरिक हुनर को संरक्षित करने के साथ आधुनिक तकनीक और कौशल विकास

को अपनाना भी जरूरी है।

कार्यक्रम के दौरान रणबीर गंगवा ने श्री विश्वकर्मा

जांगिड़ ब्राह्मण सभा के पदाधिकारियों और उपस्थित लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं

एवं मांगें सुनीं। सभा की ओर से धर्मशाला के मुख्य द्वार और परिसर के ग्राउंड में

विकास कार्य करवाने की मांग रखी गई, जिस पर मंत्री ने आवश्यक विकास कार्य करवाने का

आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि सामाजिक संस्थाओं को सुविधाएं उपलब्ध करवाना और क्षेत्र

का विकास उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। इस अवसर पर पूर्व चेयरमैन सतबीर वर्मा, प्रधान

प्रताप सिंह जांगड़ा, उपप्रधान हवा सिंह जांगड़ा, अजय कांत जांगड़ा, प्रधान विजेंद्र

कुमार, प्रेम सिंह जांगड़ा, नरेश जांगड़ा, डॉ. अनंत राम बरवाला, पूनम जांगड़ा, दयानंद

जांगड़ा, चतर सिंह जांगड़ा, निहाल सिंह, धर्म सिंह जांगड़ा, सतपाल जांगड़ा, उदय सिंह

जांगड़ा, एमस ऋषिपाल, सुमन जांगड़ा, सुरेश गोयल और हरी सिंह दहिया सहित अनेक गणमान्य

नागरिक उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर