पानीपत: ठगों ने योजनाबद्ध तरीके से महिला को ठगा
पानीपत, 29 मार्च (हि.स.)। एक महिला को अपनी बातों के जाल में फंसाकर ठगी करने वाले गिरोह ने ठग लिया। गोहाना रोड पर खन्ना रोड मोड़ के पास दो शातिर ठगों ने एक महिला को पारिवार में संकट आने का डर दिखाकर उसके सोने के कुंडल, मोबाइल और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। ठगों ने महिला को राम नाम जपते रहने का झांसा देकर मौके से फरार हो गए। होश आने पर महिला ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
राजनगर निवासी नरेश कुमारी ने रविवार को पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह 27 मार्च की दोपहर बाद गोहाना रोड से पैदल अपने घर जा रही थी। जब वह खन्ना मोड़ के पास पहुंची, तो एक अज्ञात युवक उसके पास आया। उसने खुद को हरिद्वार से आया हुआ साधु जैसा बताया और कहा कि तुम्हारे और तुम्हारे परिवार पर बहुत बड़ा संकट आने वाला है। ठग महिला को बातों में उलझाकर गोहाना मोड़ की तरफ ले गया, जहां उसे उसका दूसरा साथी मिला। ठग ने योजनाबद्ध तरीके से उसे भी संकट का डर दिखाया। नाटक को असली रूप देने के लिए ठग ने दूसरे युवक की अंगूठी और 100 रुपए महिला के हाथ में रख दिए और कहा कि इन्हें जेब में डाल लो और घर जाकर गंगाजल छिड़क कर पहन लेना, संकट दूर हो जाएंगे। महिला का विश्वास जीतने के बाद ठग ने उससे कहा कि वह अपने कानों की सोने की बालियां और पास रखे रुपए निकालकर हाथ में ले ले। डरी हुई महिला ने अपने 4 ग्राम सोने के कुंडल, 6800 रुपए नकद और मोबाइल निकालकर हाथ में ले लिए। ठग ने कहा कि यह सारा सामान और सूट का थैला दूसरे लड़के को दे दो और जीटी रोड की तरफ चलते हुए 11 बार राम नाम का जाप करो। जैसे ही महिला सामान देकर कुछ कदम दूर गई और नाम जपकर वापस लौटी, तो वहां दोनों लड़के गायब थे। महिला को तब अपने साथ ठगी का एहसास हुआ कि वह ठगी का शिकार हो चुकी है। पीड़ित महिला ने किशनपुरा चौकी पुलिस को लिखित शिकायत दी है। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाल रही है ताकि इन ठगों की पहचान की जा सके।
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल वर्मा

