हांसी : शहीद राजा राव तुलाराम संघर्ष समिति ने ठुकराया विधायक का प्रस्ताव
बैठक में चौक पर शहीद द्वार बनाने का लिया फैसला
हांसी, 28 जून (हि.स.)। शहीद राजा राव तुलाराम संघर्ष समिति ने विधायक विनोद
भयाना की ओर से दिए गए चौक से 300 फुट की दूरी पर अरुट द्वार बनाने के प्रस्ताव को
अस्वीकार कर दिया है।
विधायक द्वारा प्रस्तावित चौक से 300 फुट की दूरी पर महाराजा
अरुट द्वार बनाने के संबंध में रविवार को यादव धर्मशाला में समाज के प्रबुद्ध लोगों
और संघर्ष समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में शहीद राजा राव तुलाराम चौक से लगभग
300 फुट की दूरी पर महाराजा अरुट द्वार बनाने के प्रस्ताव को सिरे से नकारते हुए समाज
के लोगों एक स्वर में चौक पर शहीद राजा राव तुलाराम द्वार बनाने की मांग की।
बैठक में प्रस्ताव पर विस्तार से चर्चा की गई। उपस्थित सदस्यों ने सर्वसम्मति
से निर्णय लिया कि अरुट द्वार के स्थान पर यहां शहीद राजा राव तुलाराम का द्वार बनाए
जाने की मांग पर यादव समाज अडिग रहेगा। बैठक में विधायक विनोद भयाना द्वारा भिवानी
रोड़ पर शहीद राजा राव तुलाराम द्वार बनाने के प्रस्ताव को सिरे से खारिज कर दिया।
बैठक में वक्ताओं ने कहा कि यह केवल एक द्वार का मामला नहीं, बल्कि समाज की
भावनाओं और शहीद राजा राव तुलाराम के सम्मान से जुड़ा विषय है। उन्होंने कहा कि समाज
लंबे समय से निर्धारित स्थान पर द्वार निर्माण की मांग करता आ रहा है, बैठक में चौक
पर महाराजा अरुट द्वार बनाने का प्रस्ताव स्वीकार्य नहीं है।
संघर्ष समिति ने स्पष्ट किया कि यदि विधायक विनोद भयाना ने उनकी मांग को पूरा
नहीं किया तो शहीद राजा राव तुलाराम द्वार संघर्ष समिति यादव समाज व 36 बिरादरी के
मिलकर आंदोलन और संघर्ष रास्ता अख्तियार करने से गुरेज नहीं करेगा। बैठक में समाज के
लोगों ने एकजुट होकर समिति के निर्णय का समर्थन किया और आगे की रणनीति पर भी विचार-विमर्श
किया।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

