जींद : बस व कार की टक्कर में आठ यात्री घायल
जींद, 15 जून (हि.स.)। गांव ऐंचरा कलां के पास सोमवार को एक प्राइवेट बस और कार के बीच हुई आमने-सामने की भिडंत हो गई। जिसमें आठ यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं कार चालक की हालत भी चिंताजनक बताई जा रही है। घायलों को उपचार के लिए नागरिक अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सोमवार को एक प्राइवेट बस गोहाना की तरफ से सफीदों की तरफ आ रही थी, जबकि कार सफीदों से गोहाना की ओर जा रही थी। इसी दौरान दोनों वाहनों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसके पूर्जे सड़क पर बिखर गए। हादसे के समय बस में काफी यात्री सवार थे। टक्कर लगते ही बस में बैठी सवारियों में चीख पुकार मच गई। अचानक लगे ब्रेक के कारण कई यात्री अपनी सीटों से उछलकर गिर पड़े, जिससे उन्हें चोटें आईं। वहीं दो महिलाएं बस के आगे के शीशे से बाहर निकल कर सड़क पर जा गिरी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं।
घटना के तुरंत बाद मौके पर मौजूद राहगीरों ने घायलों को संभाला और उन्हें तुरंत सफीदों के नागरिक अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में डाक्टरों की टीम ने घायलों का प्राथमिक उपचार शुरू किया। गंभीर रूप से घायल गांव सिंघाना निवासी 70 वर्षीय बलराम को खानपुर मेडिकल कालेज रेफर किया गया। इसके अलावा एक अन्य गंभीर घायल को घटनास्थल से ही सीधे खानपुर मेडिकल ले जाया गया।
घायलों में गांव भुसलाना निवासी ज्योति, रामनगर निवासी सोनिया, सिंघाना निवासी बलराम, बेरी खेड़ा निवासी कृष्ण, गांव ढाठरथ निवासी सरिता, गांव मुआना निवासी अनिल और गांव कुरड़ निवासी पूनम शामिल हैं। अन्य यात्रियों को भी हल्की चोटें आई हैं। इनका इलाज स्थानीय स्तर पर किया गया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस घटना की जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

