home page

जींद : दस दिन पहले गायब हुए जेठ व बहू का शव बरामद

 | 
जींद : दस दिन पहले गायब हुए जेठ व बहू का शव बरामद


जींद, 06 जुलाई (हि.स.)। उचाना खंड के गांव पालवां से दस दिन पहले गायब हुए एक युवक तथा उसके छोटे भाई की पत्नी के शव सोमवार को गांव बडौदा के निकट बरसोला माइनर से बरामद हुए है। शवों की सूचना मिलने पर उचाना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। दोनों का एक-एक हाथ बंधा हुआ था। उचाना थाना पुलिस ने दोनों के शवों को माइनर से निकाल नागरिक अस्पताल लेकर आई। जहां चिकित्सकों ने शव की दशा बिगड़ी देख पीजीआईएमएस रोहतक के लिए रेफर कर दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

गांव पालवां निवासी राहुल (32) तथा उसके छोटे भाई की पत्नी सलिता (28) गत 26 जून को घर से संदिग्ध हालात में गायब हो गए थे। गत 28 जून का सलिता ने अपने पति के पास फोन कर कहा कि वह राहुल के साथ चंडीगढ़ में है। पहले दोनों ने घर लौटने से मना किया। फिर तीन जुलाई को सलिता ने घर लौटने की बात कही। देर शाम को राहुल की कार नरवाना के निकट सिरसा ब्रांच नहर पटरी पर मिली। जिसका पिछला शीश टूटा हुआ था। दोनों की चप्पलें भी वहीं रखी थी। उचाना थाना पुलिस ने सलिता के पिता की शिकायत पर गुमशुदगी का पर्चा दर्ज किया था।

पुलिस गोताखोरों की सहायता से सिरसा ब्रांच नहर को खंगाल रही थी। सोमवार को राहुल तथा सलिता के शव गांव बड़ौदा निकट बरसोला माइनर में तैरते मिले। दोनों का एक-एक हाथ एक दूसरे से बंधा हुआ था। सूचना मिलते ही उचाना थाना पुलिस फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंच गई और दोनों शवों को कब्जे में ले नागरिक अस्पताल नरवाना पहुंचाया। जहां शवों की हालात को देखते हुए पोस्टमार्टम के लिए पीजीआईएमएस रोहतक रेफर कर दिया। पोस्टमार्टम के बाद ही खुलासा हो पाएगा कि आखिर दोनों की मौत कैसे हुई। उचाना थाना प्रभारी चंद्रपाल ने बताया कि पोस्टमार्टम के लिए शवों को पीजीआई रोहतक ले जाया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा