home page

जींद : प्रवासी मजदूर की छत से गिरकर नहीं, साथियों ने पीट-पीट कर की थी हत्या

 | 
जींद : प्रवासी मजदूर की छत से गिरकर नहीं, साथियों ने पीट-पीट कर की थी हत्या


जींद, 07 जुलाई (हि.स.)। सफीदों खंड के गांव मुआना के निकट बीस दिन पहले मजदूर की मौत छत से गिरने से हुई मौत के मामले में नया खुलासा हुआ है। मजदूर की मौत गिरने से नही बल्कि उसके साथी मजदूरों ने पीट-पीट कर की थी। सदर थाना सफीदों पुलिस ने मृतक के भाई की शिकायत पर चार साथी मजदूरों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

गांव मच्छटटा जिला पूर्णिया बिहार निवासी जब्बार (45) गांव के ही ताजीम, सुरेश, संजय चौधरी तथा पेलत के साथ गांव मुआना में धान रोपाई के लिए आया हुआ था। खेत में बने कमरे में साथी मजदूरों के साथ रह रहा था। गत 18 जून को जब्बार की संदिग्ध हालात में मौत हो गई थी। उस दौरान बताया गया था कि जब्बार शराब के नशे में रात को छत से नीचे गिर गया। साथी मजदूर मृतक का बिना पोस्टमार्टम कराए अंतिम संस्कार के लिए उसे बिहार के पैतृक गांव मच्छटटा ले गए। जब मृतक जब्बार का शव गांव में पहुंचा तो शरीर पर चोटों के निशान देख संदेह हुआ। जिसकी शिकायत संबंधित थाना अमौर से की गई। जिसके आधार पर मृतक का पोस्टमार्टम करवाया गया। जिसकी रिपोर्ट में हत्या का खुलासा हुआ। जिसमें जब्बार की मौत चोटें लगने से हुई थी। जिस पर अमौर थाना पुलिस ने मृतक के बड़े भाई जलाल की शिकायत पर मृतक के साथी ताजीम, सुरेश, संजय चौधरी तथा पेलत के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया। जिसकी जीरो एफआईआर दर्ज कर सदर थाना सफीदो को भेज दी।

मंगलवार को सदर थाना सफीदों प्रभारी राजेश ने जानकारी देते हुए बताया कि गांव मुआना में मजदूर की संदिग्ध मौत हो गई थी। अब बिहार पुलिस से हत्या की जीरो एफआईआर मिली है। फिलहाल चार लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा