home page

जींद : पेट्रोलियम पदार्थाें की बढ़ती कीमतों के विरुद्ध कांग्रेस ने किया प्रदर्शन

 | 
जींद : पेट्रोलियम पदार्थाें की बढ़ती कीमतों के विरुद्ध कांग्रेस ने किया प्रदर्शन


जींद, 23 मई (हि.स.)। पेट्रोल, डीजल, सीएनजी और रसोई गैस की लगातार बढ़ती कीमतों के विरुद्ध नरवाना में शनिवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन का नेतृत्व कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव एवं राज्यसभा सांसद रणदीप सुरजेवाला ने किया।

कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव एवं राज्यसभा सांसद रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि केंद्र और हरियाणा की जन विरोधी भाजपा सरकारें जनता की जेब काटना और घरों का बजट लूटना बंद करें तथा भाजपा निर्मित महंगाई पर तुरंत रोक लगाए। भाजपा सरकारों ने महंगाई डायन को गले लगाए हरियाणा व देश की जनता को महंगाई से डसवा दिया है। एक तरफ पेट्रोल, डीजल की कीमतें बढ़ाकर और पेट्रोल, डीजल पर एक्साइज ड्यूटी वसूल कर भाजपा सरकार द्वारा जनता की जेब से 12 साल में 43 लाख करोड़ वसूले गए हैं तो दूसरी तरफ चिंता की बात यह है कि भाजपा सरकार ने रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया के इमरजेंसी फंड तक को नहीं छोड़ा, जो गंभीर मुश्किल समय व आपदा के लिए है।

कांग्रेस पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा आयोजित इस धरने रोज प्रदर्शन में विधायक आदित्य सुरजेवाला भी मुख्य रूप से मौजूद रहे। कार्यकर्ताओं ने रेहड़ी पर सिलेंडर रख कर प्रदर्शन किया और भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। राज्यसभा सांसद रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि हरियाणा की भाजपा सरकार पूरी तरह असफल साबित हुई है। महंगाई, बेरोजगारी और पेपर लीक ने युवाओं का भविष्य अंधकारमय कर दिया है। सबसे दुखद यह है कि हरियाणा के स्थानीय युवाओं को रोजगार देने के बजाय बाहरी राज्यों के युवाओं को यहां नौकरियां दी जा रही हैं। नीट समेत कई परीक्षाओं के पेपर लीक होने से हजारों युवा निराश होकर आत्महत्या करने को मजबूर हैं। हम इस अन्याय के खिलाफ सड़क पर उतरे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा