home page

जीद : नरवाना को सुंदर, स्वच्छ सुरक्षित और विकसित शहर बनाया जाएगा : मंत्री कृष्ण बेदी

 | 
जीद : नरवाना को सुंदर, स्वच्छ सुरक्षित और विकसित शहर बनाया जाएगा : मंत्री कृष्ण बेदी


जींद, 30 अप्रैल (हि.स.)। हरियाणा के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने कहा है कि नरवाना को सुंदर, स्वच्छ सुरक्षित और विकसित शहर बनाया जाएगा। इसी पर फोक्स रखते हुए नगर परिषद की बैठक में अनेक विकास कार्यों के प्रस्ताव मंजूर किए गए हैं। इस पारित बजट के अलावा भी अन्य कार्यों के प्रस्ताव शहर के विकास कार्यों में अहम भूमिका निभाएंगे।

हरियाणा के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कृष्ण कुमार बेदी गुरूवार को नगर परिषद हाउस की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। इस बैठक में नरवाना शहर में विभिन्न विकास कार्यों के लिए 46 करोड़ छह लाख रुपये का वार्षिक बजट सर्वसम्मति से पास किया गया। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि नरवाना के मुख्य रेलवे रोड को अति उत्तम क्वालिटी का बनाया जाएगा। भगत सिंह चौक से रेलवे स्टेशन तक बनने वाली इस भव्य एवं सुदृढ़ सड़क के टेंडर लगाने की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। यह कार्य लोक निर्माण विभाग द्वारा करवाया जाएगा। स्टेशन के एंट्रेंस तथा एग्जिट को भी अति सुंदर बनाया जाएगा। इसके अलावा विश्वकर्मा चौक से भगत सिंह चौक तक सड़क निर्माण का भी प्रस्ताव पास किया गया है। शहरवासियों को बंदरों के प्रकोप से मुक्ति दिलाने के लिए भी बंदर पकडऩे की प्रक्रिया का वर्क आर्डर जल्दी ही नगर परिषद द्वारा कर दिया जाएगा। कैबिनेट मंत्री ने आगे बताया कि नगर परिषद कार्यालय नए भवन का निर्माण होने तक सामुदायिक केंद्र में शिफ्ट करने पर भी सहमति बनी है। केएम कॉलेज नरवाना में अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस ई-लाइब्रेरी का निर्माण करवाया जाना भी प्रस्तावित है। इस भवन के निर्माण पर पांच करोड़ रुपये खर्च आएंगे। इसके लिए ढाकल रोड नजदीक कॉलेज में बने पुराने पुलिस क्वार्टर वाली जगह चिन्हित की गई है। हाउस में इस कार्य की प्रक्रिया शुरू करने के लिए भी मंजूरी दी गई है ताकि जल्दी ही लाइब्रेरी भवन निर्माण शुरू करवाया जा सके। शहर पूर्ण रूप से साफ-सुथरा और सुंदर बने तथा कूड़ा, कचरा मुक्त हो, इसके लिए जमीन किराये पर ली गई है तथा बरसाती सीजन से पहले निर्धारित जगह पर कूड़ा व कचरा डालना शुरू हो जाएगा। आगामी गर्मी के मौसम के मध्यनजर नगर परिषद द्वारा पानी के पांच टैंकर खरीदने का प्रस्ताव भी पास किया गया है ताकि प्रत्येक शहरवासी को पर्याप्त मात्रा में स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो सके।

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा