हिसार : क्विज प्रतियोगिता में दयानंद महाविद्यालय की टीम तेजस ने हासिल किया प्रथम स्थान
विषयगत ज्ञान के साथ समसामयिक घटनाओं पर आधारित प्रश्नों से परखी विद्यार्थियों
की बौद्धिक क्षमता
छह टीमों ने लिया प्रतियोगिता में भाग
हिसार, 08 अक्टूबर (हि.स.)। दयानंद महाविद्यालय के वाणिज्य, प्रबंधन, अर्थशास्त्र
एवं कंप्यूटर विज्ञान विभागों की ओर से विद्यार्थियों के ज्ञानवर्धन और बौद्धिक क्षमता
को बढ़ावा देने के उद्देश्य से क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में
महाविद्यालय की छह टीमों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कड़ी प्रतिस्पर्धा के बाद टीम तेजस
ने प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि टीम पृथ्वी दूसरे स्थान पर रही।
प्रतियोगिता में प्रबंधन, वाणिज्य, अर्थशास्त्र एवं कंप्यूटर विज्ञान विषयों
से संबंधित प्रश्नों के साथ-साथ समसामयिक घटनाओं पर आधारित प्रश्न पूछे गए। प्रश्नों
के माध्यम से विद्यार्थियों के विषयगत ज्ञान, सामान्य जागरूकता, त्वरित निर्णय लेने
की क्षमता और तार्किक सोच का परीक्षण किया गया।
प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली टीम तेजस में बीए द्वितीय वर्ष की दीपिका, बीबीए
तृतीय वर्ष की आंचल, बीकॉम तृतीय वर्ष की तनिक्षा, बीसीए द्वितीय वर्ष के राहुल, बीबीए
प्रथम वर्ष के योगेश और बीकॉम तृतीय वर्ष के केशव शामिल रहे।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. विक्रमजीत सिंह ने गुरुवार काे विजेता टीम के विद्यार्थियों
को बधाई देते हुए उनके प्रदर्शन की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं
विद्यार्थियों में ज्ञान, आत्मविश्वास, टीम भावना और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना
विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
इस अवसर पर वाणिज्य विभाग की प्रभारी डॉ. रेनू राठी, प्रबंधन एवं अर्थशास्त्र
विभाग की प्रभारी डॉ. सुरूचि शर्मा तथा कंप्यूटर विज्ञान विभाग के प्रभारी डॉ. नरेंद्र
कुमार ने भी विजेता विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं और सभी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन
किया। प्रतियोगिता विद्यार्थियों के लिए ज्ञानवर्धक और प्रेरणादायक रही।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

