यमुनानगर:घर से स्विमिंग पूल के लिए निकला छात्र नहर में बहा, तलाश में जुटी टीमें
यमुनानगर, 07 जून (हि.स.) यमुनानगर के हमीदा हेड क्षेत्र में रविवार को एक 17 वर्षीय छात्र पश्चिमी यमुना नहर में बह गया। घटना के बाद पुलिस, गोताखोरों और स्थानीय लोगों ने कई घंटों तक तलाश अभियान चलाया, लेकिन देर शाम तक छात्र का कोई पता नहीं चल सका। लापता छात्र की पहचान शादीपुर निवासी शिवम के रूप में हुई है, जो दसवीं कक्षा का विद्यार्थी था और अपने माता-पिता की इकलौती संतान बताया गया है।
परिजनों के अनुसार शिवम रविवार दोपहर घर से स्विमिंग पूल जाने की बात कहकर निकला था। उसके साथ पटेल नगर निवासी उसका मित्र किरणजीत भी मौजूद था। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दोनों युवकों ने बाद में स्विमिंग पूल जाने का विचार बदलकर हमीदा हेड के निकट पश्चिमी यमुना नहर में स्नान करने का निर्णय लिया। नहर में उतरने के दौरान अचानक तेज जलधारा की चपेट में आने से दोनों का संतुलन बिगड़ गया। किरणजीत ने किसी तरह संघर्ष कर किनारे तक पहुंचकर अपनी जान बचा ली, जबकि शिवम पानी के तेज बहाव में ओझल हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही हमीदा पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची और गोताखोरों को बुलाकर खोज अभियान शुरू कराया। गोताखोर राजीव और उनकी टीम ने नहर के विभिन्न हिस्सों में लगातार तलाशी अभियान चलाया, लेकिन समाचार लिखे जाने तक छात्र का कोई सुराग नहीं मिला था। सूचना मिलते ही छात्र के परिजन भी घटनास्थल पर पहुंच गए।
इकलौते बेटे के लापता होने से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। शिवम की मां बबिता ने बताया कि उन्होंने बेटे को बाहर जाने से रोका था, लेकिन वह मित्र के साथ घर से निकल गया था। हमीदा चौकी प्रभारी शमशेर सिंह ने बताया कि छात्र की तलाश के लिए अभियान लगातार जारी है और सभी संभावित स्थानों पर खोजबीन की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

