home page

नूंह: ऑर्बिटल रेल कॉरिडोर की टनल धंसने की घटना की जांच के लिए कमेटी गठित

 | 
नूंह: ऑर्बिटल रेल कॉरिडोर की टनल धंसने की घटना की जांच के लिए कमेटी गठित


नूंह, 13 अक्टूबर (हि.स.)। नूंह जिले के तावड़ू क्षेत्र के सेहसोला गांव में निर्माणाधीन ऑर्बिटल रेल कॉरिडोर की टनल में मिट्टी धंसने की घटना को जिला प्रशासन ने गंभीरता से लिया है। उपायुक्त अखिल पिलानी ने मंगलवार काे घटना के कारणों और परिस्थितियों की विस्तृत जांच के लिए जिला प्रशासन के अधिकारियों की एक समिति गठित की है। समिति को आदेश जारी होने की तिथि से सात दिन के भीतर अपनी जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।

उपायुक्त ने बताया कि अतिरिक्त उपायुक्त ज्योति की अध्यक्षता में गठित समिति घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाएगी। साथ ही, निर्माण कार्य में किसी प्रकार की तकनीकी खामी या लापरवाही सामने आने पर उसकी जिम्मेदारी निर्धारित की जाएगी। समिति भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक सुझाव भी देगी। समिति में तावड़ू के उपमंडल अधिकारी (ना.), उप पुलिस अधीक्षक, नायब तहसीलदार, खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी, लोक निर्माण विभाग (भवन एवं सड़कें), नूंह के कार्यकारी अभियंता तथा हरियाणा रेल इन्फ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (एचआरआईडीसी) के उप महाप्रबंधक पंकज सोनी को सदस्य बनाया गया है।

तकनीकी और भूगर्भीय कारणों की होगी जांच

समिति टनल में मिट्टी धंसने के पीछे संभावित संरचनात्मक, तकनीकी, भूगर्भीय और निर्माण संबंधी कारणों की पड़ताल करेगी। इसके अलावा घटनास्थल पर सुरक्षा के लिए किए गए प्रबंधों और घटना के बाद संबंधित एजेंसियों की ओर से की गई कार्रवाई की भी समीक्षा की जाएगी। जांच के दौरान किसी एजेंसी, ठेकेदार या अधिकारी की ओर से लापरवाही पाए जाने पर जिम्मेदारी तय करने की प्रक्रिया भी अपनाई जाएगी। जांच समिति प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण कर संपत्ति और सार्वजनिक एवं निजी आधारभूत संरचनाओं को हुए नुकसान का आकलन करेगी। समिति आवश्यक सुधारात्मक कदमों, नुकसान के लिए मुआवजे से संबंधित सुझावों और भविष्य में ऐसी घटनाओं की रोकथाम के उपायों पर भी अपनी रिपोर्ट में जानकारी देगी। जांच के लिए समिति घटनास्थल का दौरा करेगी, प्रभावित क्षेत्र का जायजा लेगी तथा संबंधित व्यक्तियों के बयान दर्ज करने के साथ जरूरी अभिलेखों और दस्तावेजों की जांच करेगी। आवश्यकता पड़ने पर तकनीकी विशेषज्ञों की सहायता भी ली जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मोहानिया