home page

फरीदाबाद हाफ मैराथन में नूंह के 92 खिलाड़ी लेंगे भाग

 | 
फरीदाबाद हाफ मैराथन में नूंह के 92 खिलाड़ी लेंगे भाग


नूंह, 26 सितंबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में 27 सितंबर को फरीदाबाद में आयोजित होने वाली 10 किलोमीटर हाफ मैराथन में भाग लेने के लिए जिला नूंह के 92 खिलाड़ियों एवं आठ कोचों का दल शनिवार को फरीदाबाद के लिए रवाना हुआ। उपायुक्त अखिल पिलानी के मार्गदर्शन में जिला प्रशासन द्वारा खिलाड़ियों के आवागमन, ठहराव एवं भोजन की समुचित व्यवस्था की गई है।

नूंह बस स्टैंड से खिलाड़ियों के दल को सहायक शिक्षा अधिकारी (खेल) डॉ. अमित कुमार यादव एवं डीपीई घनश्याम ने रवाना किया। इस दौरान उन्होंने खिलाड़ियों एवं कोचों को शुभकामनाएं देते हुए प्रतियोगिता में उत्साहपूर्वक भाग लेने के लिए प्रेरित किया। खिलाड़ियों में हाफ मैराथन को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। जिला प्रशासन की ओर से खिलाड़ियों एवं कोचों के आवागमन के लिए दो रोडवेज बसों की व्यवस्था की गई है। इन बसों के माध्यम से खिलाड़ियों को फरीदाबाद पहुंचाया गया है तथा प्रतियोगिता के उपरांत इन्हीं बसों से उन्हें वापस नूंह लाया जाएगा।

फरीदाबाद पहुंचने पर खिलाड़ियों एवं कोचों के रात्रि ठहराव के साथ-साथ भोजन और पेयजल की व्यवस्था भी प्रशासन द्वारा की गई है। 27 सितंबर को आयोजित होने वाली 10 किलोमीटर हाफ मैराथन में नूंह जिले के खिलाड़ी उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे। जिला प्रशासन द्वारा खिलाड़ियों के लिए परिवहन, ठहराव एवं भोजन जैसी आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था किए जाने से खिलाड़ियों में उत्साह का माहौल है। प्रशासन की इस पहल से जिले के खिलाड़ियों को खेल गतिविधियों में अधिक भागीदारी के लिए प्रोत्साहन मिलेगा तथा उन्हें अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर भी प्राप्त होगा।

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मोहानिया