home page

नूँह: एक दिसंबर से जिले के सभी स्कूलों में चलेगा सुरक्षित बचपन अभियान : नेहा गुप्ता

 | 
नूँह: एक दिसंबर से जिले के सभी स्कूलों में चलेगा सुरक्षित बचपन अभियान : नेहा गुप्ता


नूंह, 17 नवंबर (हि.स.)। बच्चों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध करवाने और उन्हें अपने अधिकारों एवं सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से नूंह जिले में एक दिसंबर से सुरक्षित बचपन अभियान शुरू किया जाएगा। इस अभियान के तहत 30 नवंबर 2027 तक जिले के सभी स्कूलों में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए मंगलवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डीएलएसए), नूंह के एडीआर सेंटर में जिले के सीनियर सेकेंडरी और हाई स्कूलों के दो-दो शिक्षकों को प्रशिक्षण दिया गया।

प्रशिक्षण कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी (सीजेएम) एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव नेहा गुप्ता ने की। उन्होंने शिक्षकों को सुरक्षित बचपन अभियान के उद्देश्यों, इसकी रूपरेखा और प्रस्तावित गतिविधियों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि अभियान का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को बाल अधिकारों, व्यक्तिगत सुरक्षा और विभिन्न प्रकार के शोषण से बचाव के प्रति जागरूक करना है। नेहा गुप्ता ने कहा कि बच्चों के सुरक्षित भविष्य और उनके सर्वांगीण विकास में शिक्षकों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। स्कूल ऐसा माध्यम हैं, जहां बच्चों तक सही जानकारी पहुंचाकर उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक बनाया जा सकता है। प्रत्येक शिक्षक का दायित्व है कि वह विद्यार्थियों को सुरक्षा से जुड़े जरूरी पहलुओं की जानकारी दे, ताकि बच्चे किसी भी प्रकार के शोषण या गलत व्यवहार के प्रति सजग रह सकें।

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मोहानिया