home page

हिसार: शिक्षा बचाने के लिए आंदोलन तेज करेगा अध्यापक संघ

 | 
हिसार: शिक्षा बचाने के लिए आंदोलन तेज करेगा अध्यापक संघ


हरियाणा विद्यालय अध्यापक संघ के राज्य कौंसिल सम्मेलन में लिया निर्णय

हिसार, 02 जून (हि.स.)। हरियाणा विद्यालय अध्यापक संघ का दो दिवसीय राज्य कौंसिल सम्मेलन में सांगठनिक सत्र में प्रदेश के 19 जिलों के प्रतिनिधियों ने भाग लेते हुए संगठनात्मक रिपोर्ट पर चर्चा की। संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के सुझाव दिए। सम्मेलन को संबोधित करते हुए पूर्व अध्यापक नेता एवं रिटायर्ड कर्मचारी संघ के अध्यक्ष वजीर सिंह ने संगठन के सफल संचालन पर संतोष व्यक्त किया और शिक्षा बचाने की लड़ाई को समवैचारिक संगठनों के साथ मिलकर आगे बढ़ाने का आह्वान किया। उन्होंने स्कूलों में बाल सभाओं के गठन पर विशेष बल दिया।

महिला सत्र में शुभा ने संगठन में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के विषय पर अपने विचार रखे। सम्मेलन में पुरानी पेंशन बहाली, शिक्षा बोर्ड को बचाने, पाठ्यक्रम के सांप्रदायिकीकरण को रोकने, आठवें वेतन आयोग को लागू करने तथा संगठन में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने जैसे महत्वपूर्ण प्रस्ताव प्रस्तुत किए गए।राज्य प्रधान प्रभु सिंह ने बताया कि अंतिम सत्र में सभी रिपोर्टों और प्रस्तावों को सर्वसम्मति से पारित किया गया। उन्होंने संगठन के अधूरे कार्यों को शीघ्र पूरा करने और शिक्षा बचाने के आंदोलन को तेज करने का आह्वान किया। साथ ही अध्यापक संघ के मुखपत्र के विस्तार और उसकी पहुंच बढ़ाने का संकल्प भी व्यक्त किया गया। सम्मेलन में निर्णय लिया गया कि कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने तथा निदेशालय स्तर पर लंबित मामलों के विरोध में 9 जून को पंचकूला स्थित शिक्षा निदेशालय पर प्रदर्शन किया जाएगा। इसके अलावा 29 जून को अव्यावहारिक टेट नीति से राहत देने, कच्चे कर्मचारियों को नियमित करने, रिक्त पदों को भरने तथा गैर-शैक्षणिक कार्यों पर रोक लगाने की मांग को लेकर सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक जिला स्तर पर भूख हड़ताल आयोजित की जाएगी। उन्होंने बताया कि सम्मेलन में यह भी निर्णय लिया गया कि जून माह में कुरुक्षेत्र के बबैन तथा करनाल के निसिंग क्षेत्र में प्रस्तावित स्कूल मर्जर के विरोध में जनजागरण अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत स्थानीय जनप्रतिनिधियों और आम जनता को स्कूल मर्जर के संभावित दुष्प्रभावों से अवगत कराया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर