home page

सोनीपत:ताऊ देवीलाल शिलालेख हटाने पर इनेलो ने किया प्रदर्शन,प्रशासन को चेताया

 | 
सोनीपत:ताऊ देवीलाल शिलालेख हटाने पर इनेलो ने किया प्रदर्शन,प्रशासन को चेताया


सोनीपत, 25 जुलाई (हि.स.)। सोनीपत

के पुरखास अड्डा पर पूर्व उपप्रधानमंत्री एवं जननायक चौधरी ताऊ देवीलाल के नाम का शिलालेख

हटाए जाने के विरोध में इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) ने शनिवार को प्रदर्शन किया और

नगर निगम आयुक्त को शिकायत सौंपकर मामले में कार्रवाई की मांग की। पार्टी ने प्रशासन

और सरकार को सात दिन का समय देते हुए चेतावनी दी है कि मांग पूरी नहीं होने पर पूरे

हरियाणा में आंदोलन किया जाएगा।

इनेलो

के जिला अध्यक्ष कुणाल गहलावत और स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि नगर निगम की टीम ने

जेसीबी मशीन की मदद से शिलालेख को उसके मूल स्थान से हटा दिया। हालांकि, इस संबंध में

प्रशासन की ओर से अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

घटना

की जानकारी मिलते ही इनेलो कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक नगर निगम के अधिकारी

और कर्मचारी वहां से जा चुके थे। पार्टी नेताओं का आरोप है कि यह कार्रवाई पहले से

बनाई गई योजना के तहत की गई। उनका कहना है कि जिस समय नगर निगम की टीम शिलालेख हटा

रही थी, उसी समय पार्टी पदाधिकारी छात्र प्रदर्शन के मामले में उपायुक्त को ज्ञापन

देने गए हुए थे।

इनेलो

नेताओं ने कहा कि ताऊ देवीलाल किसानों, मजदूरों और सभी वर्गों के हितों के लिए जीवनभर

संघर्ष करते रहे। ऐसे जननायक के नाम का शिलालेख हटाना प्रदेश की जनता की भावनाओं और

सम्मान से जुड़ा मामला है।

घटना के विरोध में इनेलो के प्रतिनिधिमंडल ने नगर निगम आयुक्त

सहित अधिकारियों से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। नगर निगम आयुक्त ने प्रतिनिधिमंडल को

आश्वासन दिया कि यदि मामले में नगर निगम के किसी अधिकारी या कर्मचारी की संलिप्तता

पाई जाती है तो निष्पक्ष जांच कराई जाएगी और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई

की जाएगी। इनेलो ने मांग की है कि शिलालेख को पहले की तरह उसी स्थान पर सम्मानपूर्वक

दोबारा स्थापित किया जाए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना