home page

पानीपत : महिलाओं के सम्मान को ठेस पहुंचाने वाली किसी हरकत को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा : रेनू भाटिया

 | 
पानीपत : महिलाओं के सम्मान को ठेस पहुंचाने वाली किसी हरकत को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा : रेनू भाटिया


पानीपत, 07 मार्च (हि.स.)। हरियाणा राज्य महिला आयोग की चेयरपर्सन रेनू भाटिया ने प्रदेश में महिलाओं के सम्मान को ठेस पहुंचाने वाले व अश्लील शब्द का इस्तेमाल करने और अनैतिक कार्यों को लेकर बेहद कड़ा रुख अख्तियार किया है। उन्होंने कहा कि महिलाओं के सम्मान को ठेस पहुंचाने वाली किसी हरकत को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

समालखा में पत्रकाराें से बातचीत करते हुए रेनू भाटिया ने शनिवार काे वर्तमान में टटीरी' गाने को लेकर विवादों में घिरे रैपर बादशाह को संदेश देते हुए कहा कि अगर आपको अपनी बादशाही कायम रखनी है, तो आप हरियाणा के होकर हरियाणा का मान बनो। अपनी कला से हरियाणा के अभिमान को इतना न गिराओ, और यहां की बहू-बेटियों को अपमानित करने वाले शब्दों का प्रयोग न करें। उन्होंने साफ तौ र पर कहा कि कला के नाम पर अश्लीलता परोसना किसी भी कीमत पर बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं होगा। प्रदेश में बढ़ रहे अश्लील गानों पर टिप्पणी करते हुए चेयरपर्सन ने कहा कि गायक महिलाओं के जज्बे पर लिखें। आपकी कलम थक जाएगी, लेकिन महिलाओं के चरित्र का इस प्रकार गलत बखान न करें।

रेनू भाटिया ने उन बुजुर्गों पर भी सवाल उठाए जो महिला डांसरों पर पैसे उड़ाते हैं। उन्होंने कहा, 70-70 साल के बुजुर्ग बहु-बेटियों का अपमान कर रहे हैं। आपके बेटे और पोते आपको देख रहे हैं, आप समाज को क्या संदेश देना चाह रहे हैं। यह हमारी संस्कृति नहीं है। प्रदेश में चल रहे स्पा सेंटरों पर भी उन्होंने कहा कि स्पा का मतलब हेल्थ से होता है, लेकिन इसकी आड़ में अनैतिक कार्य संचालित करना गलत है। उन्होंने सीधे तौर पर जिला पुलिस कप्तानों को संदेश दिया कि पुलिस को इस मामले में सख्ती बरतनी होगी और ऐसे धंधों को तुरंत रोकना होगा। साथ ही उन्होंने हिसार के एक स्कूल में बच्चियों को मुर्गा बनाने का वीडियो वायरल होने के मामले में कड़ा संज्ञान लिया है और कहा कि इसके लिए वे कल खुद हिसार जा रही हैं। यह एक बेहद संवेदनशील मामला है। वह खुद पीड़ित बच्चियों से मिलेंगी। अगर उन्हें सुरक्षा की जरूरत है, तो आयोग उन्हें सुरक्षा दिलाएगा। इस मामले में दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल वर्मा